रुद्रपुर। अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर उत्तराखंड ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। कजाकिस्तान के अल्माटी में आयोजित 10वीं एशियन जू-जित्सु चैम्पियनशिप-2026 में श्री मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम, रुद्रपुर की होनहार खिलाड़ी कंचन बसेरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीनियर महिला –45 किलोग्राम कॉन्टैक्ट स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत, उत्तराखंड और ऊधम सिंह नगर का नाम पूरे एशिया में रोशन कर दिया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि से खेल जगत में खुशी और गर्व का माहौल है।

इसी प्रतियोगिता में सोनम ने जूनियर महिला –48 किलोग्राम फाइटिंग सिस्टम स्पर्धा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पाँचवाँ स्थान प्राप्त किया। वहीं हैप्पी सिंह ने सीनियर पुरुष –56 किलोग्राम कॉन्टैक्ट सिस्टम स्पर्धा में पाँचवाँ स्थान हासिल किया। इसके अलावा रौनक शर्मा ने जूनियर पुरुष –77 किलोग्राम फाइटिंग सिस्टम स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाँचवाँ स्थान प्राप्त किया। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से रुद्रपुर सहित पूरे उत्तराखंड में खुशी की लहर है।

गौरतलब है कि सीनियर एशियन जू-जित्सु चैम्पियनशिप में एशिया के 24 देशों के चयनित खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। कंचन बसेरा ने कजाकिस्तान, वियतनाम और चाइनीज़ ताइपे जैसे मजबूत देशों के खिलाड़ियों से सजे कठिन ग्रुप में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
इस सफलता के पीछे जिला खेल विभाग, ऊधम सिंह नगर के जू-जित्सु कोच कमल सिंह की मेहनत, अनुशासित प्रशिक्षण और वर्षों का समर्पण महत्वपूर्ण रहा है। उनके मार्गदर्शन में अब तक 14 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं, जिनमें 9 खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय पदक जीत चुके हैं। इसके साथ ही उनके प्रशिक्षण से अनेक राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी भी तैयार हुए हैं, जिन्होंने उत्तराखंड और देश का गौरव बढ़ाया है।

जू-जित्सु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष विनय कुमार जोशी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में भारतीय जू-जित्सु लगातार नई ऊँचाइयों को छू रहा है। उनके नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार पदक जीतकर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उत्तराखंड के खेल मंत्री, सांसद अजय भट्ट, उत्तराखंड खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप सिंह बुटोला, उपाध्यक्ष मोहन पाठक, उप निदेशक खेल रसिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और जू-जित्सु परिवार ने खिलाड़ियों एवं कोच कमल सिंह को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
