काशीपुर, 25 जुलाई 2026। जसपुर ब्लॉक के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत बसई इस्लामनगर में विभिन्न संपर्क मार्गों के निर्माण कार्य पूर्ण होने पर ग्राम प्रधान ताहिर चौधरी ने फीता काटकर उनका लोकार्पण किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। नई सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

लंबे समय से ग्रामीण कीचड़, जलभराव और जर्जर रास्तों की समस्या से परेशान थे, लेकिन अब पक्की सड़कों के निर्माण से उन्हें बड़ी राहत मिली है।

ग्राम प्रधान ताहिर चौधरी ने बताया कि ग्राम पंचायत के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादों को पूरा करना उनकी पहली जिम्मेदारी है और इसी उद्देश्य से वह दिन-रात ग्राम पंचायत के विकास में जुटे हुए हैं।

उन्होंने बताया कि एक वर्ष के कार्यकाल में आमना मस्जिद के सामने लगभग 70 मीटर मुख्य मार्ग, मस्तान शाह के घर के सामने 50 मीटर सड़क, इम्तियाज के घर जाने वाले मार्ग पर 50 मीटर, पप्पू के घर के सामने 50 मीटर तथा नईम प्रधान के घर के सामने 40 मीटर सड़क का निर्माण कराया गया है। इसके अतिरिक्त लगभग 50 पात्र लोगों की वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत कराई गई।
ग्राम पंचायत में लगभग 150 स्ट्रीट लाइटें तथा 100 सौर ऊर्जा (सोलर) लाइटें विभिन्न गलियों और प्रमुख स्थानों पर लगवाई गई हैं, जिससे रात के समय आवागमन सुरक्षित और सुगम हुआ है।

वहीं सार्वजनिक स्थलों एवं धार्मिक स्थानों के बाहर पांच वाटर फ्रिज स्थापित किए गए हैं, जिससे ग्रामीणों को स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध हो रहा है।ग्राम पंचायत में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए घर-घर से कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था भी शुरू की गई है। इसके लिए एक वाहन नियमित रूप से कूड़ा एकत्रित कर निर्धारित स्थान तक पहुंचाता है तथा इस कार्य के लिए दो कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से ग्राम पंचायत कार्यालय संचालित किया जा रहा है, जहां लोगों की शिकायतें सुनकर उनका निस्तारण किया जाता है।

ग्राम प्रधान ताहिर चौधरी ने कहा, “ग्राम पंचायत का सर्वांगीण विकास मेरी प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। बिना किसी भेदभाव के हर धर्म और समाज के लोगों के लिए विकास कार्य किए जा रहे हैं और आगे भी पूरी निष्ठा के साथ यह अभियान जारी रहेगा।

“समाजसेवी मासूम चौधरी ने कहा, “ग्राम पंचायत बसई इस्लामनगर में पिछले एक वर्ष के दौरान हुए विकास कार्य साफ दिखाई दे रहे हैं। नई सड़कों, सोलर लाइटों, स्ट्रीट लाइटों और स्वच्छता व्यवस्था से गांव की तस्वीर बदली है। ग्राम प्रधान ताहिर चौधरी सभी वर्गों के हित में कार्य कर रहे हैं, जो सराहनीय है। हमें विश्वास है कि आने वाले समय में ग्राम पंचायत विकास की नई पहचान बनेगी।

“ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सड़क निर्माण, सोलर एवं स्ट्रीट लाइट, स्वच्छ पेयजल, पेंशन योजनाओं और स्वच्छता व्यवस्था जैसे विकास कार्यों से ग्राम पंचायत का तेजी से विकास हो रहा है तथा लोगों का जीवन पहले की अपेक्षा अधिक सुविधाजनक बन गया है। इस मौके पर मासूम चौधरी,नईम चौधरी,आसिफ चौधरी, फरमान चौधरी, रियासत हुसैन, रफीक अहमद, डॉ इरफान चौधरी, मोहम्मद यामीन के अलावा तमाम ग्रामीण मौजूदरहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
