काशीपुर, 4 अगस्त। न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट के बावजूद लंबे समय से पेशी से बच रहे तीन वारंटी अभियुक्तों को काशीपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस की इस कार्रवाई को वारंटी अभियुक्तों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा बताया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर के निर्देश पर तथा पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर एवं क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में कोतवाली काशीपुर पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर तीन वारंटियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार सभी अभियुक्त लंबे समय से न्यायालय में उपस्थित नहीं हो रहे थे, जिसके चलते उनके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किए गए थे।

गिरफ्तार किए गए वारंटियों में रम्पुरा कुंडेश्वरी निवासी संदीप सिंह शामिल हैं, जिनके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज मामले में वारंट जारी था। दूसरे अभियुक्त राम उजागर निवासी टांडा उज्जैन हैं, जो आबकारी अधिनियम से संबंधित मामले में वांछित थे। तीसरे वारंटी मोहम्मद फैजान निवासी वार्ड नंबर-23, मोहल्ला अल्ली खां हैं, जिनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के मामले में न्यायालय से वारंट जारी किया गया था।
पुलिस ने बताया कि तीनों अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।
काशीपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कानून का सम्मान करें तथा अपराधियों को संरक्षण देने के बजाय पुलिस का सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि न्यायालय से जारी वारंटों की तामील और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
