Oplus_16908288
काशीपुर। 63 विधानसभा काशीपुर की मतदाता सूची में बड़ी संख्या में दर्ज की गई आपत्तियों को लेकर जनप्रतिनिधियों ने गंभीर चिंता जताई है। नगर निगम काशीपुर के कई पार्षदों ने शुक्रवार को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो हजारों पात्र मतदाताओं का संवैधानिक मतदान अधिकार प्रभावित हो सकता है।

काशीपुर के पार्षदों ने निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, पात्र मतदाताओं के नाम न काटने और जांच समिति गठित करने की मांग
ज्ञापन के अनुसार विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या 124, 122, 135, 137, 31, 207, 193 सहित करीब 30 से अधिक मतदान केंद्रों पर 1000 से अधिक मतदाताओं के नामों पर आपत्तियां दर्ज कराई गई हैं। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा असामान्य रूप से बड़ी संख्या में आपत्तियां दाखिल की गई हैं, जिससे पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
पार्षदों ने मांग की कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए एक सक्षम समिति गठित की जाए, जो प्रत्येक आपत्ति की सत्यता, उसके आधार और प्रक्रिया की विस्तार से जांच करे। साथ ही जांच पूरी होने तक किसी भी पात्र मतदाता का नाम केवल दर्ज आपत्तियों के आधार पर मतदाता सूची से न हटाया जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता, दुरुपयोग अथवा सुनियोजित साजिश सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ निर्वाचन कानूनों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
जनप्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि निर्वाचन आयोग और प्रशासन लोकतंत्र की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए इस गंभीर मामले का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में पार्षद अब्दुल कादिर, रशीद फारुकी, सरफराज हुसैन, सादिक हुसैन, शाह आलम, हनीफ गुड्डू और मोहम्मद आरिफ सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
