काशीपुर। भारत रत्न, महान स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती के अवसर पर काशीपुर स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत इंटर कॉलेज में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी अवसर पर विद्यालय का स्थापना दिवस भी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में पंडित गोविंद बल्लभ पंत के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। वक्ताओं ने कहा कि पंत जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, स्वतंत्रता आंदोलन, जनहित और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहा। उनके विचार और आदर्श आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार की दर्जा राज्य मंत्री सीमा चौहान रहीं। इसके अलावा पूर्व मेयर उषा चौधरी, प्रबंधन समिति की अध्यक्ष दीपिका गुड़िया आत्रे, मनोज कौशिक, प्रधानाचार्य जी. शंकर कौशिक, प्रधानाचार्य चंद्रावती सेम सहित विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

समिति की अध्यक्ष दीपिका गुड़िया आत्रे ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत केवल उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने अपना जीवन देश और समाज की सेवा में समर्पित किया। उनके आदर्शों और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का स्थापना दिवस भी हमारे लिए विशेष अवसर है। संस्था ने वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने का कार्य किया है। आने वाले समय में भी विद्यालय शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

इस दौरान विद्यालय परिवार की ओर से पंडित गोविंद बल्लभ पंत के जीवन संघर्ष, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर देश और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
वहीं, विद्यालय के स्थापना दिवस के अवसर पर संस्थान की गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा और उपलब्धियों को भी याद किया गया। विद्यालय परिवार ने संस्था की प्रगति और भविष्य की योजनाओं को लेकर अपने विचार साझा किए।
पंत जयंती और स्थापना दिवस के संयुक्त आयोजन ने एक ओर जहां महान राष्ट्रनायक पंडित गोविंद बल्लभ पंत की स्मृतियों को नमन किया, वहीं दूसरी ओर विद्यालय की वर्षों की शैक्षणिक यात्रा और उपलब्धियों को भी उत्सव के रूप में मनाया।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
