काशीपुर। 9 नवंबर 2026 उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। महानगर कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष श्रीमती अलका पाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पुरानी सब्जी मंडी स्थित छोटे नीम स्मारक पर एकत्र हुए। यहां कार्यकर्ताओं ने राज्य आंदोलन के शहीदों को पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनके बताए मार्ग पर चलने के साथ ही शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष श्रीमती अलका पाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का गठन यहां के लोगों के लंबे संघर्ष, त्याग और शहादत का परिणाम है। राज्य आंदोलनकारियों ने जिस उत्तराखंड की परिकल्पना की थी, उसमें युवाओं को रोजगार, आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाएं और पहाड़ से लेकर मैदान तक समान विकास की उम्मीद थी। लेकिन आज प्रदेश की जनता खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार की नीतियों के चलते उत्तराखंड की जल, जंगल और जमीन पर संकट गहराता जा रहा है। प्राकृतिक संसाधनों का दोहन और जनहित की अनदेखी राज्य आंदोलन के शहीदों के सपनों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शहीदों के आदर्शों और उनके संघर्ष को व्यर्थ नहीं जाने देगी तथा जनहित के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

एआईसीसी सदस्य एवं प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अनुपम शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलन में शहादत देने वाले आंदोलनकारियों ने जिस विकासशील, खुशहाल और आत्मनिर्भर प्रदेश का सपना देखा था, वह आज भी अधूरा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार शहीदों की भावनाओं और राज्य आंदोलन के मूल उद्देश्यों के अनुरूप कार्य नहीं कर रही है। उत्तराखंड की बहुमूल्य प्राकृतिक संपदा पर माफियाओं का प्रभाव बढ़ना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य के जल, जंगल और जमीन की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सरकार को प्रदेश के संसाधनों का संरक्षण करते हुए स्थानीय लोगों के हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए।

इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुशील गुड़िया, विमल गुड़िया, जितेंद्र सरस्वती, सुरेंद्र बाटला, मंसूर अली मंसूरी, टीका सिंह सैनी, चक्रेश जैन, हरदेव सिंह, शरीम सैफी, हैरी, पंकज पंत, मोहम्मद सैफ, अनीश अंसारी, परम सिद्धू, कुलदीप सिंह ऐरी, विनोद होंडा, सलमान अली, सुभाष चंद्र, हनीफ गुड्डू, साबिर हुसैन, डॉ. आरिफ, कलुआ महागीर, जगदीश पाल, दीपक गुप्ता, ठाकुर अनिल सिंह, सुंदरलाल पाल, मंसूर मेफेयर, राकेश भगत, रवि पपने सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर एक-दूसरे को उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी और राज्य आंदोलन के शहीदों के सपनों को साकार करने का संकल्प दोहराया।


























सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
