Oplus_16908288
जसपुर। संविधान दिवस के मौके पर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज जसपुर में छात्राओं को संविधान की महत्ता, कानूनी अधिकारों और महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों के प्रति जागरूक करने के लिए विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में छात्राओं को संविधान के मूल सिद्धांतों से लेकर साइबर सुरक्षा और आपातकालीन हेल्पलाइन तक की जानकारी दी गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊधम सिंह नगर की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) ममता पंत के आदेशानुसार आयोजित कार्यक्रम में पीएलबी डॉ. वीर सिंह गौतम ने संविधान दिवस पर जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय संविधान 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत किया गया था और 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। संविधान के निर्माण में 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन का समय लगा। उन्होंने संविधान को देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, समानता और न्याय का आधार बताते हुए इसके महत्व पर प्रकाश डाला।

वहीं पीएलबी सोनू कुमार ने छात्राओं को शिक्षा से संबंधित अधिकारों, इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, गुड टच-बैड टच तथा महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने तेजाब हमलों के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, पुलिस हेल्पलाइन 112 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 का सहारा लिया जा सकता है।
शिविर के माध्यम से छात्राओं को जागरूक, सतर्क और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया, ताकि वे किसी भी असुरक्षित परिस्थिति में सही कदम उठा सकें और उपलब्ध कानूनी सहायता का लाभ प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में कॉलेज की प्रधानाचार्य ऋचा गुप्ता, पीएलबी भुवनेश कुमार, विकास कुमार, दीपक कुमार, आकाश कुमार, लता जी, मुनेश जी, डॉ. वीर सिंह गौतम, सोनू कुमार सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
