काशीपुर। 3 मई 2026 वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्तराखंड पुलिस की काशीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली क्षेत्र में सक्रिय बाइक चोर गिरोह पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को दो चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रेलवे फाटक के पास शुगर फैक्ट्री क्षेत्र में पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर पूछताछ की।

पकड़े गए आरोपी की पहचान विष्णु पुत्र पंचानंद निवासी दोहरी वकील भट्टा कॉलोनी, कुंडेश्वरी, थाना क्षेत्र काशीपुर के रूप में हुई। तलाशी और पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इनमें एक बाइक काशीपुर कोतवाली में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई, जबकि दूसरी बाइक बाजपुर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों को ठिकाने लगाने की फिराक में था। बरामद वाहनों में एक टीवीएस अपाचे और दूसरी पैशन प्रो बाइक शामिल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह मेहता, कांस्टेबल हेमंत कुमार और कांस्टेबल पवननाथ की भूमिका अहम रही। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर वाहन चोरी की अन्य घटनाओं के भी खुलासे की संभावना है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
