काशीपुर। 3 मई 2026 पति-पत्नी के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए आईटीआई थाना पुलिस ने मात्र 36 घंटों में हत्या की गुत्थी सुलझा दी। अवैध संबंधों के चलते पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शव की तलाश के लिए पुलिस और SDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।

मामला तब सामने आया जब रामपुर जनपद के स्वार क्षेत्र निवासी चन्द्रवती ने अपने पुत्र कुलवन्त सिंह के लापता होने की शिकायत थाना आईटीआई में दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कुलवन्त 25 अप्रैल को अपनी पत्नी गुड्डी से मिलने काशीपुर के वांसखेड़ा गांव गया था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिवार द्वारा पूछताछ करने पर पत्नी गुड्डी लगातार भ्रामक जानकारी देती रही, जिससे शक गहरा गया।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। सर्विलांस और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी महिला का कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या नामक युवक से प्रेम संबंध था। घटना के दिन दोनों की लोकेशन एक ही क्षेत्र में पाई गई।
पूछताछ में आरोपी महिला टूट गई और उसने पूरी साजिश कबूल कर ली। पुलिस के अनुसार, गुड्डी अपने पति की शराब की लत और घरेलू विवादों से परेशान थी। इसी बीच उसका प्रेम प्रसंग कपिल मौर्या से शुरू हुआ। दोनों ने मिलकर कुलवन्त को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
योजना के तहत आरोपी प्रेमी ने जहर और शराब उपलब्ध कराई। 25 अप्रैल को पत्नी ने शराब में जहर मिलाकर पति को पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में प्रेमी को बुलाकर शव को अल्टो कार में रखा गया और एनएच-74 बाईपास पुल के पास बड़ी नहर में फेंक दिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल खुलासे के निर्देश दिए। आईटीआई पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस और SDRF टीम नहर क्षेत्र में शव की तलाश कर रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या, साजिश और साक्ष्य मिटाने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अपराध चाहे कितनी भी चालाकी से किया जाए, अपराधी कानून की पकड़ से बच नहीं सकते। जनपद पुलिस अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
