काशीपुर। 8 मई 2026 शहर को नशा और हुड़दंग मुक्त बनाने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस ने गुरुवार को सख्त अभियान चलाते हुए सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उत्पात मचाने वाले 18 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया, जहां काउंसलिंग के बाद 81 पुलिस एक्ट में चालान कर चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, खासकर पकौड़ी ठेलों, बाजारों और सड़क किनारे खुले स्थानों पर कुछ लोग शराब पीकर हुड़दंग करते हैं, जिससे आम नागरिकों, महिलाओं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस ने क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते मिले 18 लोगों को मौके से पकड़कर कोतवाली लाया गया। यहां पुलिस ने सभी को भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने की सख्त हिदायत दी और कानूनी कार्रवाई करते हुए उनका चालान किया।
कोतवाली प्रभारी हरेंद्र चौधरी ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल खराब करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को सुरक्षित माहौल देने के लिए पुलिस लगातार अभियान चलाती रहेगी।
गौरतलब है कि जब से प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी ने काशीपुर कोतवाली की कमान संभाली है, तब से नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई देखने को मिल रही है। अपराध और अव्यवस्था पर नियंत्रण के लिए उनके नेतृत्व में पुलिस लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है।
शहरवासियों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर अभद्रता करने वालों पर सख्ती जरूरी थी। लोगों का मानना है कि ऐसे अभियानों से शहर का माहौल बेहतर होगा और आम जनता को राहत मिलेगी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
