काशीपुर। 9 मई 2026 क्षेत्र में तेजी से फैल रहे नशे और जुए के कारोबार पर अब पुलिस का शिकंजा कसने जा रहा है। नव नियुक्त पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) यूपीएस प्रशांत कुमार ने काशीपुर की कमान संभालते ही नशा तस्करों, अवैध शराब कारोबारियों और जुआ संचालकों को साफ चेतावनी दे दी है कि अब कानून से खिलवाड़ करने वालों की खैर नहीं होगी।
सीओ प्रशांत कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी ने युवाओं को स्मैक, चरस, गांजा, कच्ची शराब या जुए की लत की ओर धकेलने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि काशीपुर में अपराध और नशे के नेटवर्क को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि उन्हें लगातार ऐसी सूचनाएं मिल रही हैं कि कुछ क्षेत्रों में नशे का अवैध कारोबार सक्रिय है और युवा पीढ़ी को गलत रास्ते पर धकेला जा रहा है। लेकिन अब पुलिस पूरी सख्ती और रणनीति के साथ कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और समय-समय पर चरस, गांजा, स्मैक और अवैध कच्ची शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जा रही है।
सीओ प्रशांत कुमार इससे पहले रुद्रपुर में भी अपनी सख्त कार्यशैली और अपराध नियंत्रण को लेकर चर्चाओं में रहे हैं। उनके नेतृत्व में कई आपराधिक मामलों और नशे के कारोबार का खुलासा हुआ था। अब काशीपुर में उनकी तैनाती के बाद अपराधियों में हड़कंप का माहौल देखा जा रहा है।
महिलाओं से जुड़े अपराधों पर उन्होंने कहा कि पुलिस की पहली प्राथमिकता पीड़ित को त्वरित न्याय दिलाना है। महिला अपराधों में तत्काल मुकदमा दर्ज कर साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति बदले की भावना से झूठी शिकायत देकर किसी निर्दोष को फंसाने की साजिश करेगा, तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सीओ प्रशांत कुमार का यह सख्त संदेश साफ संकेत दे रहा है कि काशीपुर में अब अपराध, नशे और जुए के कारोबार पर पुलिस जीरो टॉलरेंस नीति के तहत काम करने जा रही है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
