काशीपुर। शनिवार को काशीपुर में एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब देहरादून से हल्द्वानी जा रही उत्तराखंड परिवहन निगम की रोडवेज बस मंडी समिति के सामने अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में 13 यात्री घायल हो गए, जबकि बस में कुल 26 यात्री सवार थे।
थाना कुंडा प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला तथा निजी वाहनों की व्यवस्था कर उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों द्वारा सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। उपचार के बाद सभी घायलों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चालक को झपकी आने के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बस पेड़ से जा टकराई। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। बाद में क्षतिग्रस्त बस को हटाकर यात्रियों को दूसरी रोडवेज बस से उनके गंतव्य हल्द्वानी के लिए रवाना कर दिया गया।
समय रहते पुलिस, स्थानीय लोगों और प्रशासन की तत्परता से राहत एवं बचाव कार्य किए जाने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। यदि बस पेड़ से न टकराती तो नुकसान कहीं अधिक हो सकता था।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
