काशीपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में उत्तराखंड का सबसे स्वच्छ शहर बनने और राष्ट्रीय स्तर पर राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त करने की उपलब्धि पर नगर निगम काशीपुर की ओर से विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में महापौर दीपक बाली ने राष्ट्रपति से प्राप्त सम्मान को काशीपुर की जनता, पर्यावरण मित्रों और नगर निगम के समस्त कर्मचारियों को समर्पित करते हुए कहा कि अब उनका लक्ष्य काशीपुर को स्वच्छता के मामले में पूरे देश में प्रथम स्थान पर पहुंचाना है।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि काशीपुर को प्रदेश में स्वच्छता के क्षेत्र में शीर्ष स्थान दिलाना किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि शहरवासियों, विद्यालयों के बच्चों, व्यापारियों, उद्यमियों, सामाजिक संगठनों और पर्यावरण मित्रों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगे भी इसी तरह जनसहयोग मिलता रहा तो काशीपुर स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान स्थापित करेगा।

नगर निगम में आयोजित सम्मान समारोह में महापौर ने पर्यावरण मित्रों, शहरवासियों और निगम परिवार के प्रयासों को सराहा, नैनी पेपर्स ने सीएसआर फंड से प्रतिवर्ष एक करोड़ रुपये देने का किया ऐलान
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और सहयोग से भी संभव हो सकी है। प्रदेश सरकार की विकासपरक सोच और नगर निगम के प्रयासों से शहर को नई दिशा मिल रही है। महापौर ने कहा कि अपने पौने दो वर्ष के कार्यकाल में उन्हें हर वर्ग का सहयोग मिला है। आलोचनाओं और चुनौतियों से विचलित हुए बिना उनका संकल्प काशीपुर का विकास करना है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता नगर निगम के कार्यों के संबंध में जो भी जानकारी चाहती है, वह जवाब देने के लिए सदैव तैयार हैं।

महापौर ने शहरवासियों से अपील की कि स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान न समझें, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनशैली और सामूहिक जिम्मेदारी बनाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में मिली यह उपलब्धि काशीपुर के विकास के नए रास्ते भी खोलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से शहर में विकास की अन्य योजनाओं को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान महापौर ने नैनी पेपर्स के एमडी पवन अग्रवाल का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि सम्मान मिलने वाले दिन ही पवन अग्रवाल ने नगर निगम को सीएसआर फंड के माध्यम से प्रतिवर्ष एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की थी। महापौर ने इसे शहर के विकास और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग बताया।

इस अवसर पर नैनी पेपर्स के एमडी पवन अग्रवाल ने महापौर दीपक बाली की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि काशीपुर को दीपक बाली जैसे उत्साही नेतृत्व का लाभ मिल रहा है। वह हमेशा शहर के विकास के बारे में सोचते हैं। काशीपुर के विकास के लिए नगर निगम को जिस भी सहयोग की आवश्यकता होगी, उनकी संस्था उसमें पूरा साथ देगी।
कार्यक्रम में पूर्व महापौर उषा चौधरी के पहुंचने पर महापौर दीपक बाली ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें अपने साथ मंच पर आमंत्रित करते हुए अपनी कुर्सी पर बैठने का आग्रह किया। इस दौरान दोनों के बीच सम्मान और आत्मीयता का भाव देखने को मिला।

वरिष्ठ भाजपा नेता खिलेंद्र चौधरी ने कहा कि महापौर दीपक बाली के नेतृत्व में नगर निगम को मिली यह उपलब्धि सराहनीय है। भाजपा नेता आशीष गुप्ता ने भी महापौर को बधाई दी। वहीं प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक ने कहा कि दीपक बाली काशीपुर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

समारोह में विभिन्न सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने महापौर एवं पार्षदों का अभिनंदन कर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा भविष्य में भी स्वच्छता और विकास कार्यों में सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। ख्वाइश एनजीओ के बच्चों ने स्वच्छता पर आकर्षक गीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन कार्यालय अधीक्षक विकास शर्मा ने किया।
इस अवसर पर पूर्व महापौर उषा चौधरी, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, नगर निगम के अधिकारी, पार्षद, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापारी, स्वच्छता जनजागरण टीम, सफाई नायक, पर्यावरण मित्र और नगर निगम के कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में महापौर का अभिनंदन करने वालों की भारी भीड़ उमड़ी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
