जसपुर/गढ़ीनेगी। नगर पंचायत गढ़ीनेगी के अध्यक्ष पद के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भाजपा प्रत्याशी सचिन बठला ने अपने समर्थकों के साथ विशाल जनसंपर्क एवं शक्ति प्रदर्शन रैली निकालकर चुनावी माहौल को पूरी तरह भाजपा के रंग में रंग दिया। रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी देखने को मिली।

नगर पंचायत क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और प्रमुख मार्गों से निकली इस रैली का कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं के साथ स्वागत किया। भाजपा समर्थकों ने पार्टी के पक्ष में जोरदार नारेबाजी करते हुए जनता से भाजपा प्रत्याशी सचिन बठला के समर्थन में मतदान करने की अपील की।

रैली को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी सचिन बठला ने कहा कि गढ़ीनेगी को नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद अब विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें सेवा का अवसर देती है तो क्षेत्र में सड़क, स्वच्छता, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित किया जाएगा।

सचिन बठला ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार विकास के लिए प्रतिबद्ध है और नगर पंचायत गढ़ीनेगी को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से 9 जून को भाजपा के पक्ष में मतदान कर विकास और सुशासन को मजबूत करने की अपील की।
चुनाव प्रचार के अंतिम दिन हुए इस शक्ति प्रदर्शन ने भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नया उत्साह भर दिया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा प्रत्याशी सचिन बठला ने अपनी मजबूत संगठनात्मक पकड़ और समर्थकों की भारी भागीदारी के माध्यम से चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी को मजबूती से प्रस्तुत किया है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
