काशीपुर, 8 जून 2026 कोतवाली पुलिस ने 31 दिन पूर्व घर का ताला तोड़कर लाखों के सोने चांदी के जेवराज चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, एक घड़ी तथा नकदी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार मेहरोत्रा हॉस्पिटल के पीछे साकेत नगर निवासी पीयूष चौहान ने 11 मई 2026 को कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर बताया था कि 8 मई को वह अपने परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। मामले में कोतवाली काशीपुर में एफआईआर संख्या 173/2026 दर्ज की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी उधम सिंह नगर ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक काशीपुर और क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक काशीपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने करीब 150 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा सर्विलांस और मैनुअल पुलिसिंग की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
पुलिस ने 7 जून को मुखबिर की सूचना पर ढैला पुल के पास चेकिंग के दौरान सोनू शर्मा पुत्र राजकुमार शर्मा निवासी मूसेपुर पाडली, थाना नहटौर, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी की दो सोने की अंगूठियां, दो जोड़ी चांदी के बिछुए, एक कैसियो कंपनी की घड़ी तथा 34 हजार 600 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी एक शातिर चोर है, जो बंद घरों की रेकी कर रात के समय ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपी के खिलाफ बिजनौर, नजीबाबाद और ऋषिकेश में चोरी समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
खुलासे में शामिल पुलिस टीम
एसआई दिनेश चंद्र सिंह, एसआई देवेंद्र सिंह सामंत, अपर उपनिरीक्षक अजीत सिंह, कांस्टेबल ज्ञानेन्द्र कुमार, कांस्टेबल सचिन कुमार एवं कांस्टेबल मनोज जोशी ने मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस की अपील
काशीपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घरों को सूना छोड़ने से बचें, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखें, सीसीटीवी कैमरे लगाएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
