काशीपुर, 18 जुलाई। काशीपुर पुलिस ने वाहन चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई को प्रेमनाथ यादव निवासी मोहल्ला ओझान, ललित बाली निवासी टांडा उज्जैन तथा संदीप कुमार निवासी बुक्सौरा ने अलग-अलग स्थानों से अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की तहरीर कोतवाली काशीपुर में दी थी। तीनों मामलों में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर की सूचना और मैनुअल पुलिसिंग से मिली सफलता, आरोपी रामपुर का निवासी निकला
वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक काशीपुर एवं क्षेत्राधिकारी काशीपुर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक काशीपुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ मैनुअल पुलिसिंग और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
17 जुलाई को उपनिरीक्षक मीना रावत अपनी टीम के साथ संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मानपुर रोड स्थित नौगजा मजार के पास घेराबंदी कर संजय सिंह उर्फ शेरा (23) पुत्र स्वर्गीय मन्नू सिंह निवासी ग्राम लालपुर, थाना टांडा बादली, जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ और तलाशी के दौरान आरोपी की निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इनमें सुपर स्प्लेंडर (यूके-18जी-0987), मोटरसाइकिल (यूके-18एस-0950) तथा सीडी डीलक्स (यूए06एच-4600) शामिल हैं। तीनों वाहन हाल ही में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित पाए गए।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमे में बढ़ोत्तरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
काशीपुर पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोटरसाइकिल पार्क करते समय हमेशा हैंडल लॉक के साथ अतिरिक्त सुरक्षा लॉक का भी प्रयोग करें। वाहन को सुनसान स्थानों पर खड़ा करने से बचें तथा पार्किंग के दौरान उसकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। पुलिस का कहना है कि नागरिकों की सतर्कता वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
