काशीपुर, 18 जुलाई। शहर के राजेंद्र नगर, खड़कपुर देवीपुरा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक 29 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में पंखे से लटका मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली काशीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
कमरे में पंखे से लटका मिला शव, पुलिस को नहीं मिला कोई सुसाइड नोट; पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

जानकारी के अनुसार राजेंद्र नगर, खड़कपुर देवीपुरा निवासी कैलाश कुमार कुशवाहा (29) पुत्र सुदामा ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपने कमरे में पंखे से रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी।
बताया गया कि शनिवार सुबह करीब छह बजे मृतक की भाभी उसे जगाने के लिए कमरे के बाहर पहुंची और कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। आशंका होने पर उन्होंने अपने पति को इसकी जानकारी दी। इसके बाद खिड़की तोड़कर अंदर देखा गया तो कैलाश कुमार पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
टांडा उज्जैन चौकी प्रभारी हेमचंद तिवारी ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली थी। मौके पर जांच के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कैलाश कुमार लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित था और इसी कारण मानसिक रूप से परेशान रहता था।
मृतक के भाई के अनुसार कैलाश कुमार दिल्ली मेट्रो में कार्यरत था और वहीं रहता था। वह समय-समय पर अपने घर आता था। इस बार भी वह कुछ दिन पहले ही घर आया हुआ था।
पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है तथा मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
