काशीपुर। 26 जुलाई 2026 आईटीआई कोतवाली के नवनियुक्त प्रभारी निरीक्षक (कोतवाल) मोहन चंद्र पांडे ने शनिवार को कार्यभार संभालते ही स्पष्ट संकेत दे दिए कि क्षेत्र में अपराध और कानून व्यवस्था से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पदभार ग्रहण करने के तुरंत बाद उन्होंने कोतवाली कार्यालय, मैस और उपनिरीक्षकों के कक्षों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

कोतवाल मोहन चंद्र पांडे ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। कानून का उल्लंघन करने वाले, असामाजिक तत्व, नशा कारोबारियों और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली ऐसी होनी चाहिए जिससे आमजन का विश्वास और अधिक मजबूत हो।
उन्होंने पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए तथा उसका निष्पक्ष और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिस की सकारात्मक छवि को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।
कोतवाल मोहन चंद्र पांडे ने बताया कि
“अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई की जाएगी। कानून से ऊपर कोई नहीं है। आम नागरिकों को त्वरित न्याय और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। पुलिस जनता की मित्र है और हर शिकायत का निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। जनता के सहयोग से क्षेत्र को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।”
क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि नए कोतवाल के नेतृत्व में आईटीआई कोतवाली क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर और अधिक प्रभावी कार्रवाई देखने को मिलेगी। साथ ही पुलिस और जनता के बीच विश्वास एवं सहयोग की भावना भी मजबूत होगी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
