रामनगर। 11 अगस्त 2026रामनगर टैक्स बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया गया है। सोमवार, 10 अगस्त 2026 को रामनगर के एक निजी रिसॉर्ट में आयोजित द्विवार्षिक चुनाव में सभी पदों पर निर्विरोध एवं सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया।
चुनाव में मौ. फिरोज अंसारी को अध्यक्ष और मनु अग्रवाल को महासचिव चुना गया। इसके अलावा गुलरेज रजा उपाध्यक्ष, जीशान मलिक उपसचिव, मनोज सिंह बिष्ट कोषाध्यक्ष, राकेश कुमार राही पुस्तकालयाध्यक्ष और विशाल रस्तोगी प्रेस प्रवक्ता निर्वाचित हुए। वहीं पूरन चंद्र पांडेय को कार्यकारिणी सदस्य की जिम्मेदारी दी गई।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने बार की एकजुटता और मजबूती को प्राथमिकता देते हुए अधिवक्ताओं के हित में प्रभावी ढंग से कार्य करने का संकल्प लिया। अध्यक्ष मौ. फिरोज अंसारी ने कहा कि नई कार्यकारिणी सभी अधिवक्ताओं को साथ लेकर संगठन को और मजबूत बनाने का प्रयास करेगी। उन्होंने अधिवक्ताओं से जुड़े विषयों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को भी प्राथमिकता देने की बात कही।

महासचिव मनु अग्रवाल ने कहा कि वरिष्ठ अधिवक्ताओं के अनुभव और बार के सभी सदस्यों के सहयोग से संगठन को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आमजन को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर निःशुल्क विधिक जागरूकता शिविर आयोजित करने की बात कही।
कार्यकारिणी सदस्य पूरन चंद्र पांडेय ने कहा कि क्षेत्र की सामाजिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
चुनाव संपन्न होने के बाद अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान अधिवक्ताओं ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी बार के हितों और अधिवक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में पूर्व सचिव गौरव गोला, नावेद अख्तर सैफी, मनोज अग्रवाल, लईक अहमद, फैजूल हक, संजीव अग्रवाल, सुमित चंद्रवंशी, शोभित अग्रवाल और आशीष दानी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
