जसपुर। 31 अगस्त 2026 जिस उम्र में बच्चों के हाथों में बैडमिंटन रैकेट और किताबें होनी चाहिए, उसी उम्र में चाकू ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली। ऊधम सिंह नगर के जसपुर में बैडमिंटन खेलने के दौरान बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक विधि विवादित किशोर ने 12 वर्षीय मोहम्मद ईशान के सीने पर फोल्डिंग चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल ईशान की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद होने से पुलिस की जांच को अहम सुराग मिले हैं।
बैडमिंटन खेलते समय बच्चों में हुआ विवाद, सीने पर चाकू से वार; सीसीटीवी में कैद हुई घटना, विधि विवादित किशोर पुलिस संरक्षण में

घटना जसपुर के छिपियान मोहल्ले की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार 31 अगस्त की दोपहर मोहम्मद ईशान अपने दोस्तों के साथ गली में बैडमिंटन खेल रहा था। इसी दौरान शटलकॉक गंदे पानी की नाली में जा गिरी। ईशान ने शटलकॉक उठाकर स्कूटी पर बैठे दूसरे बच्चे की ओर मार दी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ने पर बैडमिंटन रैकेट से भी वार किया गया। आरोप है कि इसके बाद स्कूटी पर बैठे विधि विवादित किशोर ने अपनी जेब से फोल्डिंग चाकू निकाला और ईशान के सीने पर वार कर दिया। चाकू लगते ही ईशान लहूलुहान हो गया।

घायल ईशान किसी तरह गली के सामने स्थित मेडिकल स्टोर तक पहुंचा, जहां पट्टी कराने के दौरान वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज बनी जांच की अहम कड़ी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस के अनुसार घटना से जुड़े साक्ष्य और चश्मदीदों के बयान जांच में महत्वपूर्ण साबित हुए हैं। पुलिस ने दो सितंबर को विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया और उसकी निशानदेही पर कथित वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया।
मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विधि विवादित किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।
परिजनों ने जताई पहले से चाकू रखने की बात
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि जिस किशोर पर ईशान पर चाकू से हमला करने का आरोप है, उसके बारे में पहले भी बच्चों के साथ मारपीट और हमला करने की जानकारी सामने आई थी। परिजनों का दावा है कि पिछले कुछ दिनों से वह जेब में चाकू लेकर घूम रहा था और इसकी जानकारी आसपास के लोगों को भी थी। हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
बच्चों में बढ़ती हिंसा ने बढ़ाई चिंता
इस घटना ने बच्चों में बढ़ती हिंसक प्रवृत्ति और आपराधिक गतिविधियों के प्रभाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छोटी उम्र में हथियारों तक पहुंच और मामूली विवाद में हिंसा का सहारा लेना परिवार और समाज दोनों के लिए चिंता का विषय है।
अपराध और हिंसा से जुड़े माहौल का बच्चों की मानसिकता पर पड़ने वाले प्रभाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। गलत संगत, हिंसक व्यवहार, सोशल मीडिया और इंटरनेट पर उपलब्ध हिंसक सामग्री तथा बच्चों की गतिविधियों पर निगरानी की कमी ऐसे मामलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। जरूरत है कि परिवार बच्चों के व्यवहार, संगत और गतिविधियों पर नजर रखने के साथ उन्हें विवादों का शांतिपूर्ण समाधान करना सिखाएं।
एसएसपी ने दी घटना की जानकारी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि 31 अगस्त को दोपहर 12 वर्षीय मोहम्मद ईशान अपने दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेल रहा था। इसी दौरान विधि विवादित किशोर के साथ उसका विवाद हुआ। आरोप है कि किशोर ने जेब से फोल्डिंग चाकू निकालकर ईशान पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो सितंबर को विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया। मौके से मिले साक्ष्यों और चश्मदीदों के बयानों के आधार पर चाकू बरामद किया गया है। किशोर को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
