काशीपुर। 11 नवंबर 2026 शहर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को बड़ी उपलब्धि मिली है। काशीपुर नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्तराखंड में पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि पर दिल्ली में आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने काशीपुर के महापौर दीपक बाली को ‘प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर ऑफ उत्तराखंड’ के सम्मान से नवाजा।

इस सम्मान के साथ ही काशीपुर ने प्रदेशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। नगर निगम की इस सफलता को शहर में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने और स्वच्छ शहर की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

सम्मान प्राप्त करने के बाद महापौर दीपक बाली ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के क्षेत्र में मिली यह उपलब्धि सभी शहरवासियों के सहयोग, नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत का परिणाम है।

महापौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत मिशन ने देश में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में भी स्वच्छता और शहरी विकास को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में काशीपुर को मिला यह सम्मान शहर के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व की बात है।

दीपक बाली ने कहा कि इस उपलब्धि से नगर निगम की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उनका लक्ष्य काशीपुर को स्वच्छता, बेहतर व्यवस्थाओं और नागरिक सुविधाओं के मामले में एक आदर्श शहर बनाना है। इसके लिए नगर निगम भविष्य में भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगा।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि स्वच्छता को केवल नगर निगम की जिम्मेदारी न समझें, बल्कि इसे अपनी दैनिक आदत और सामूहिक जिम्मेदारी बनाएं। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही काशीपुर को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने का सपना साकार किया जा सकता है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
