काशीपुर, 2 अगस्त। रोटरी क्लब ऑफ काशीपुर कॉर्बेट का भव्य इंस्टॉलेशन समारोह रविवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नई कार्यकारिणी ने वर्ष 2026–27 के लिए पदभार ग्रहण किया तथा समाजसेवा, शिक्षा और मानवीय मूल्यों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में शिक्षा जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
शिक्षा और समाजसेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों का हुआ सम्मान, सेवा भावना को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

समारोह के मुख्य अतिथि वरिष्ठ रोटेरियन राजन विद्यार्थी रहे। विशिष्ट अतिथियों में रोटेरियन संदीप मारवाह, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुरुचि सक्सेना, प्रो. डॉ. दीपिका गुड़िया आत्रेय, चार्टर प्रेसिडेंट रोटेरियन अनिल घई तथा क्लब के वरिष्ठ सदस्य डॉ. अमरजीत सिंह उपस्थित रहे।
क्लब के सचिव ह्राघव कपूर ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि रोटरी क्लब ऑफ काशीपुर कॉर्बेट ने बीते कार्यकाल में सेवा कार्यों के साथ-साथ संगठनात्मक उपलब्धियों का नया इतिहास रचा है। उन्होंने बताया कि क्लब को रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3110 अवॉर्ड समारोह में लगभग 10 प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुए, जो पूरे क्लब के लिए गौरव का विषय है।

इस अवसर पर वर्ष 2026–27 की नई कार्यकारिणी ने विधिवत शपथ लेकर अपनी जिम्मेदारियां संभालीं। डॉ. रवि सहोता ने अध्यक्ष पद की शपथ ली। उनके साथ नितिन कुमार सिंघल (उपाध्यक्ष), ह्राघव कपूर (सचिव), डॉ. विभा मेहरोत्रा (जॉइंट सेक्रेटरी एवं पब्लिक इमेज चेयर), शौर्य सूद (कोषाध्यक्ष), मिन्नी अरोड़ा (मेंबरशिप चेयर), शिवानी मेहरोत्रा (सर्विस प्रोजेक्ट्स चेयर), प्रीतपाल सिंह (सार्जेंट-एट-आर्म्स) तथा अंकित राजवंश (यंग लीडर्स कॉन्टैक्ट) ने भी पदभार ग्रहण किया।
समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण वह रहा, जब शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षाविदों में श्रीमती विद्या भूषण (आर्मी पब्लिक स्कूल, हेमपुर), श्रीमती मधु शर्मा (प्राचार्या, ब्राइट स्टार्ट स्कूल), श्रीमती मीनल बधवार (प्राचार्या, गुरुकुल स्कूल फाउंडेशन), श्री अनुज भाटिया (प्राचार्य, समर स्टडी हॉल) तथा श्री नीरज शर्मा (वरिष्ठ शिक्षक, भौतिक विज्ञान) शामिल रहे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. रवि सहोता ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक ही समाज और राष्ट्र निर्माण की वास्तविक आधारशिला हैं। उनके संस्कार, ज्ञान और मार्गदर्शन से ही एक सशक्त एवं जिम्मेदार पीढ़ी तैयार होती है। ऐसे समर्पित शिक्षकों का सम्मान करना रोटरी परिवार के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।
समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने नई कार्यकारिणी को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं तथा डिस्ट्रिक्ट 3110 में उत्कृष्ट प्रदर्शन और लगभग दस पुरस्कार प्राप्त करने पर पूरे क्लब की उपलब्धियों की सराहना की। सेवा, सम्मान और सामाजिक प्रतिबद्धता की भावना से ओत-प्रोत यह समारोह उत्साह एवं प्रेरणा के साथ संपन्न हुआ।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
