काशीपुर। 17 अगस्त 2026 सुबह खेत में संदिग्ध परिस्थितियों में कार के साथ एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शुरुआती तौर पर मामला सड़क हादसा माना जा रहा था, लेकिन मृतक के शरीर पर मिले संदिग्ध चोटों के निशान और विशेषकर गले पर चोट के निशान ने पूरे घटनाक्रम को नया मोड़ दे दिया। पुलिस अब हादसे के साथ-साथ हत्या के एंगल से भी मामले की जांच में जुट गई है।

गले पर संदिग्ध चोटों ने बढ़ाया पुलिस का शक, पैनल से कराया जा रहा पोस्टमार्टम; फील्ड यूनिट और एसओजी जांच में जुटी
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब सात बजे 112 के माध्यम से चौकी प्रतापपुर पुलिस को सूचना मिली कि एक स्विफ्ट कार खेत के नीचे गिरी हुई है और उसमें एक व्यक्ति बैठा है, जिसकी संभवतः मौत हो चुकी है। सूचना मिलते ही चौकी प्रतापपुर से उपनिरीक्षक संजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने कार और उसमें मौजूद मृतक को खेत से बाहर निकलवाया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने मृतक की पहचान संजीव कुमार, निवासी बाजावाला, ढकिया नंबर एक, कुंडेश्वरी के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया।
पंचनामा के दौरान बदली जांच की दिशा
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती निरीक्षण में घटना प्रथम दृष्टया सड़क हादसा प्रतीत हो रही थी। हालांकि पंचनामा की कार्रवाई के दौरान शव का बारीकी से निरीक्षण किया गया तो शरीर पर मौजूद कुछ चोटें सामान्य सड़क दुर्घटना से होने वाली चोटों जैसी प्रतीत नहीं हुईं। खासकर गले पर मिले चोट के निशानों ने पुलिस का संदेह बढ़ा दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपनिरीक्षक संजय सिंह ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद एसएसआई ने मोर्चरी पहुंचकर शव का बारीकी से निरीक्षण किया और सीओ काशीपुर को भी पूरे मामले से अवगत कराया।
हत्या की आशंका, जांच एजेंसियां सक्रिय
गले पर संदिग्ध चोटों के चलते पुलिस अब इस संभावना को गंभीरता से जांच रही है कि कहीं युवक की हत्या करने के बाद शव और कार को खेत में तो नहीं गिराया गया। हालांकि पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल से कराया जा रहा है। वहीं घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फील्ड यूनिट और एसओजी टीम को भी सूचना दे दी गई है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। तहरीर प्राप्त होने के बाद मुकदमा दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच की जाएगी।
हादसे के पीछे छिपा है कोई राज या फिर युवक को मौत के घाट उतारकर हादसे का रूप दिया गया? इन सवालों का जवाब अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच से सामने आएगा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
