काशीपुर। बेमौसम बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी की जिलाध्यक्ष अलका पाल ने सरकार से प्रभावित किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के कारण धान और गन्ने की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने की प्रभावित किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग
अलका पाल ने कहा कि क्षेत्र में हुई बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से धान की तैयार फसल खेतों में गिरकर बर्बाद हो गई है। कई क्षेत्रों में किसानों की फसल कटाई के लिए तैयार थी, लेकिन अचानक मौसम खराब होने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा। गन्ने की फसल भी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि फसलों को हुए नुकसान के कारण किसान परेशान हैं, लेकिन उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर सरकार का रवैया उदासीन नजर आ रहा है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार की ओर से नुकसान का आकलन करने के लिए ड्रोन से सर्वे कराया जा रहा है, जबकि प्रभावित किसानों को वास्तविक राहत देने के लिए खेतों में पहुंचकर जमीनी स्तर पर सर्वेक्षण करना आवश्यक है। उन्होंने मांग की कि संबंधित अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर फसलों को हुए नुकसान का सही आकलन करें, ताकि कोई भी पीड़ित किसान मुआवजे से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए सरकार को तत्काल कदम उठाने चाहिए। अलका पाल ने फसल नुकसान के आकलन के आधार पर प्रभावित किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा देने की मांग दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस किसानों के हितों और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करती रहेगी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
