काशीपुर। 14 जुलाई 2026 करीब 12 दिन पूर्व घर के बाहर से चोरी हुई मोटरसाइकिल का कोतवाली काशीपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया।
जानकारी देते हुए कोतवाली प्रभारी हरेंद्र चौधरी ने बताया कि मोहल्ला गंज, रतन सिनेमा रोड स्थित कंप्यूटर वाली गली निवासी रऊफ अहमद ने 3 जुलाई 2026 को घर के बाहर से अपनी हीरो स्प्लेंडर (यूके-06 बीसी-7458) मोटरसाइकिल चोरी होने की सूचना दी थी। तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए उपनिरीक्षक मीना रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और संदिग्धों की तलाश के दौरान 12 जुलाई को नौगजा मजार पुलिया के पास चेकिंग के दौरान रवि पाल पुत्र देवदास निवासी ग्राम टांडा डालचंद, थाना केलाखेड़ा को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूके-06 बीसी-7458) बरामद कर ली गई, जिससे वाहन चोरी की घटना का सफल खुलासा हो गया।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वाहन चोरी और अन्य अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
