oplus_0
काशीपुर। जसपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत बसई इस्लामनगर में बुधवार को उप ग्राम प्रधान पद का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। वार्ड संख्या-6 के सदस्य नुसरत अली को निर्विरोध उप ग्राम प्रधान चुना गया। निर्वाचन अधिकारी द्वारा उन्हें निर्विरोध निर्वाचित होने का प्रमाण पत्र सौंपे जाने के बाद ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्यों और ग्रामीणों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया तथा मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।

ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्यों व ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से किया स्वागत, विकास को गति देने का लिया संकल्प
गौरतलब है कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान ग्राम पंचायत बसई इस्लामनगर के चार वार्डों में सदस्य निर्वाचित नहीं हो सके थे। रिक्त पदों पर बाद में चुनाव संपन्न होने के कारण उप ग्राम प्रधान का चुनाव भी लंबित था। प्रशासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बुधवार सुबह 8 बजे से 10 बजे तक नामांकन प्रक्रिया हुई, जबकि 10 बजे से 11 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित था। निर्धारित अवधि में केवल नुसरत अली पुत्र इशरत अली ने उप ग्राम प्रधान पद के लिए नामांकन दाखिल किया। अन्य कोई प्रत्याशी मैदान में नहीं आने से दोपहर करीब 12:30 बजे निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह ने उन्हें निर्विरोध उप ग्राम प्रधान घोषित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किया।

निर्विरोध निर्वाचन के बाद ग्राम पंचायत परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने नुसरत अली का फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
नवनिर्वाचित उप ग्राम प्रधान नुसरत अली ने सभी ग्रामवासियों, ग्राम प्रधान और वार्ड सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह ग्राम प्रधान के साथ समन्वय बनाकर पंचायत के विकास कार्यों को गति देंगे तथा गांव की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।
ग्राम प्रधान ताहिर चौधरी का बयान
ग्राम प्रधान ताहिर चौधरी ने कहा, “नुसरत अली का निर्विरोध उप ग्राम प्रधान चुना जाना पूरे गांव की एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। मुझे विश्वास है कि उनके सहयोग से ग्राम पंचायत में विकास कार्य और अधिक तेजी से होंगे तथा हम सभी मिलकर बसई इस्लामनगर को आदर्श ग्राम पंचायत बनाने का प्रयास करेंगे।”
युवा नेता मासूम चौधरी का बयान
युवा नेता मासूम चौधरी ने कहा, “नुसरत अली एक मिलनसार, कर्मठ और जनहित के प्रति समर्पित व्यक्ति हैं। उनका निर्विरोध चयन इस बात का प्रमाण है कि गांव के लोगों ने उन पर भरोसा जताया है। हमें उम्मीद है कि वह ग्राम प्रधान और पंचायत टीम के साथ मिलकर विकास के नए आयाम स्थापित करेंगे।”
रिजवान चौधरी का बयान
रिजवान चौधरी ने कहा, “ग्राम पंचायत में उप ग्राम प्रधान का निर्विरोध चुना जाना सकारात्मक लोकतांत्रिक परंपरा का उदाहरण है। नुसरत अली के नेतृत्व में पंचायत विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी। मैं उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं और आशा करता हूं कि वे गांव के हर वर्ग की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।”
इस मौके पर ताहिर चौधरी, मासूम चौधरी, रिजवान चौधरी, फारूक चौधरी ,अब्दुल हसन, आशिफ़ ,चौधरी कासिम चौधरी, कलुआ, भूरिया, मोहम्मद यामीन, नईम चौधरी, नजीर चौधरी, के अलावा तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
