रुद्रपुर। उत्तराखंड के लिए गर्व का क्षण है कि मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम, रुद्रपुर के प्रतिभाशाली जू-जित्सु खिलाड़ी हैप्पी सिंह एवं कंचन बसेरा का चयन भारतीय टीम में 10वीं जू-जित्सु सीनियर एशियन चैंपियनशिप के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी मंगलवार को कज़ाख़स्तान के लिए रवाना हुए, जहाँ वे एशिया के शीर्ष खिलाड़ियों के बीच भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।
रवाना होने से पूर्व जिला क्रीड़ा अधिकारी श्रीमती जानकी कार्की ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे उत्तराखंड और जनपद ऊधम सिंह नगर के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दोनों खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से भारत का तिरंगा अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित करेंगे।

मुख्य जू-जित्सु प्रशिक्षक कमल सिंह ने बताया कि हैप्पी सिंह एवं कंचन बसेरा ने वर्षों के कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर भारतीय टीम में स्थान बनाया है। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ी पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ प्रतियोगिता में उतरेंगे तथा देश के लिए पदक जीतने का पूरा दम रखते हैं।
इस अवसर पर जू-जित्सु एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष श्री विनय कुमार जोशी का खिलाड़ियों को निरंतर मार्गदर्शन, सहयोग एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अवसर प्रदान करने के लिए विशेष आभार व्यक्त किया गया। साथ ही जिला खेल विभाग, ऊधम सिंह नगर एवं समस्त जू-जित्सु परिवार ने दोनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए स्वर्णिम सफलता की कामना की।
रुद्रपुर से एक साथ दो खिलाड़ियों का एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करना जनपद के खेल इतिहास की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि दोनों खिलाड़ी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए देश के लिए पदक जीतकर लौटेंगे और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाएँगे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
