काशीपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने बंद मकानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा करते हुए एक अंतर्राज्यीय शातिर नकबजन को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा चोरी में प्रयुक्त सामान बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट और नकबजनी के 11 मुकदमे दर्ज हैं।

वैशाली कॉलोनी, कवि नगर और केंद्रीय विद्यालय आईटीआई क्षेत्र की चोरी की वारदातों का पुलिस ने किया पर्दाफाश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली आईटीआई पुलिस ने यह सफलता हासिल की। पुलिस के अनुसार वैशाली कॉलोनी, कवि नगर काशीपुर तथा केंद्रीय विद्यालय आईटीआई क्षेत्र में बंद मकानों के ताले तोड़कर हुई चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए पुलिस ने सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सटीक सुरागरसी व पतारसी के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की।
घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी
पुलिस के अनुसार 14 जुलाई को आईटीआई पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बंद मकानों में चोरी करने वाला शातिर चोर बांसखेड़ा फ्लाईओवर के नीचे रेलवे पटरी के पास चोरी के आभूषण बेचने और नई वारदात की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन करीब 20 से 30 मीटर तक पीछा करने के बाद उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनी पुत्र मेहर चंद उर्फ गूंगा (42 वर्ष), निवासी माधवपुरम, थाना ब्रह्मपुर, जनपद मेरठ (उत्तर प्रदेश) बताया। उसने स्वीकार किया कि उसने आईटीआई और काशीपुर क्षेत्र के बंद मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। आरोपी ने यह भी बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी करता है। वह पूर्व में हरिद्वार, देहरादून और ऋषिकेश में चोरी एवं लूट के मामलों में जेल भी जा चुका है।
यह सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो सोने के मंगलसूत्र, दो जोड़ी सोने के झुमके, एक जोड़ी ईयर रिंग, दो सोने की अंगूठियां, एक मोतियों की माला, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक हरे रंग का पर्स तथा चोरी में प्रयुक्त एक बैग बरामद किया है।
11 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून और ऋषिकेश समेत विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट और नकबजनी के कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक अरविन्द बहुगुणा, उपनिरीक्षक हरविन्दर सिंह, उपनिरीक्षक देवेन्द्र सामंत (कोतवाली काशीपुर), अपर उपनिरीक्षक दीपक चौहान, हेड कांस्टेबल सिराज हुसैन, कांस्टेबल धर्मेन्द्र भारती तथा कांस्टेबल ज्ञानेन्द्र कुमार (कोतवाली काशीपुर) शामिल रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
