रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के अपराध मुक्त देवभूमि के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से ऊधम सिंह नगर पुलिस ने संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों के विरुद्ध जनपद स्तर पर व्यापक अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गठित तीन विशेष पुलिस टीमों ने बाहरी राज्यों एवं गैर जनपदों से जारी शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया, जिसमें अब तक 108 लाइसेंस संदिग्ध पाए गए हैं। पुलिस ने 94 शस्त्र लाइसेंस अपने कब्जे में लेते हुए 119 हथियार संबंधित थानों में जमा कराए हैं।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में तीन विशेष टीमों ने चलाया जनपदव्यापी सत्यापन अभियान, 108 शस्त्र लाइसेंस संदिग्ध चिन्हित, जांच जारी
पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 को कोतवाली कुंडा में दर्ज एक मुकदमे की विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि जनपद में बाहरी राज्यों एवं अन्य जनपदों से जारी कई शस्त्र लाइसेंसों के आधार पर हथियार खरीदे और उपयोग किए जा रहे हैं, जिनकी वैधानिकता संदिग्ध प्रतीत हुई। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार हथियार और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद कर चुकी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने 25 जून 2026 को तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन कर पूरे जनपद में विशेष सत्यापन अभियान शुरू कराया। अभियान के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों में 678 शस्त्र लाइसेंसों को सत्यापन के लिए चिन्हित किया गया, जिनमें से अब तक 626 का सत्यापन पूरा किया जा चुका है, जबकि 52 लाइसेंसों का सत्यापन अभी शेष है।
सत्यापन के दौरान 94 संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस पुलिस ने कब्जे में लिए हैं तथा 119 हथियार संबंधित थानों में जमा कराए गए हैं। पुलिस संदिग्ध पाए गए लाइसेंसों की वैधानिकता, निर्गमन प्रक्रिया एवं अन्य अभिलेखों की गहन जांच कर रही है।

थानावार कार्रवाई में सबसे अधिक संदिग्ध लाइसेंस बाजपुर क्षेत्र से सामने आए, जहां 39 लाइसेंस कब्जे में लेकर 43 हथियार जमा कराए गए। इसके अलावा गदरपुर से 10, काशीपुर से 7, कुंडा से 5, जसपुर से 3, केलाखेड़ा से 9, सितारगंज से 6 तथा नानकमत्ता से 7 लाइसेंस पुलिस ने अपने कब्जे में लिए। अन्य थाना क्षेत्रों में भी आवश्यकतानुसार कार्रवाई की गई।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में फर्जी, संदिग्ध अथवा नियम विरुद्ध तरीके से प्राप्त किए गए शस्त्र लाइसेंसों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने सभी लाइसेंस धारकों से अपने दस्तावेजों का सत्यापन कराने और पुलिस जांच में सहयोग करने की अपील भी की।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
