रुद्रपुर। 27वें कारगिल विजय दिवस को रविवार को ऊधम सिंह नगर में पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ शौर्य दिवस के रूप में मनाया गया। पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस अधिकारियों, पूर्व सैनिकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर कारगिल युद्ध में घायल हुए पूर्व सैनिक मान सिंह मेहता को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में विधायक शिव अरोरा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. उत्तम सिंह नेगी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सी.पी. कोठारी सहित अनेक अधिकारियों और पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए जनपद के हवलदार पदम राम और राइफलमैन अमित नेगी के चित्रों पर पुष्पचक्र एवं पुष्प अर्पित किए।

विधायक शिव अरोरा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, अटूट संकल्प और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भारतीय जवानों ने अद्वितीय वीरता का परिचय देकर देश की अखंडता और सम्मान की रक्षा की। उनका बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्रसेवा, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को जीवन में उतारने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित भारतीय वायुसेना के सेवानिवृत्त एयर मार्शल के.डी. सिंह ने कारगिल युद्ध के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह विजय भारतीय सेना, वायुसेना और अन्य सुरक्षा बलों के उत्कृष्ट समन्वय, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का परिणाम थी। उन्होंने कहा कि सैनिक का जीवन केवल एक पेशा नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च संकल्प होता है।
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कारगिल के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों पर पूरे राष्ट्र को गर्व है। उन्होंने कहा कि शहीदों की कुर्बानी को सदैव स्मरण रखना चाहिए तथा सैनिकों एवं उनके परिजनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सी.पी. कोठारी ने कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि और विजय का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 1999 के युद्ध में देश के लगभग 30 हजार सैनिकों ने हिस्सा लिया था। इस युद्ध में 527 जवान शहीद हुए, जिनमें उत्तराखंड के 75 और ऊधम सिंह नगर जनपद के दो वीर जवान शामिल थे, जबकि 1363 सैनिक घायल हुए थे।
शौर्य दिवस के अवसर पर जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आयोजित निबंध, भाषण, चित्रकला, देशभक्ति कविता तथा खेल विभाग की क्रॉस कंट्री प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, पुलिस जवान एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
