काशीपुर के मानपुर गांव में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का दौरा राजनीतिक रूप से चर्चाओं में रहा। बड़ी संख्या में जुटे समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान रावत ने महिला आरक्षण, परिसीमन, भाजपा की नीतियों और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर खुलकर अपनी राय रखी।

बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत मानपुर गांव में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे और आमजन और कार्यकर्ताओं से मुखातिब हुए के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का स्वागत उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष रवि धींगरा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों, पार्टी कार्यकर्ताओं और महिलाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। गांव में रावत के पहुंचने पर समर्थकों ने नारेबाजी और फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया।

दौरे के दौरान हरीश रावत ने सबसे पहले स्थानीय मंदिर में दर्शन कर क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इसके बाद उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कई राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मुद्दों पर अपनी बात रखी।
महिला आरक्षण के मुद्दे पर बोलते हुए रावत ने कहा कि संसद से विधेयक पारित होने के बावजूद इसे लागू करने में देरी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनगणना और परिसीमन की प्रक्रिया को आधार बनाकर महिला आरक्षण को आगे बढ़ाने से बच रही है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार गंभीर होती तो महिलाओं को जल्द राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिल सकता था।

रावत ने सुझाव दिया कि मौजूदा संसदीय सीटों में ही आरक्षण लागू किया जा सकता है। उन्होंने उत्तराखंड में भी महिला प्रतिनिधित्व बढ़ाने की जरूरत बताते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित करने की पैरवी की।

अपने अवकाश और पार्टी के भीतर चल रही चर्चाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि लंबे समय से संगठन में कार्य करने वाले नेताओं को व्यक्तिगत समय लेने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि उनके अवकाश को लेकर बेवजह राजनीतिक चर्चाएं खड़ी की गईं।
आगामी चुनावों पर विश्वास जताते हुए रावत ने कहा कि प्रदेश में बदलाव की भावना दिखाई दे रही है। उन्होंने दावा किया कि महंगाई, बेरोजगारी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर जनता सरकार से नाराज है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया।
इस मौके पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती अलका पाल, प्रदेश सचिव अरुण चौहान,एडवोकेट उमेश जोशी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रवि ढिंगरा,ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजू छीना, अर्पित मेहरोत्रा ,त्रिलोक सिंह अधिकारी, के अलावा तमाम कांग्रेस जन मौजूद रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
