काशीपुर। 22 मई 2026 कृषि विज्ञान केंद्र काशीपुर के अंतर्गत बासमती धान निर्यात विकास प्रतिष्ठान (एपीडा), वाणिज्य मंत्रालय भारत सरकार, मोदीपुरम मेरठ द्वारा ग्राम दोहरी परसा गुरुद्वारे के प्रांगण में कृषकों हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में किसानों को बासमती धान की बेहतर पैदावार, गुणवत्ता सुधार एवं निर्यात संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
बासमती धान के बेहतर उत्पादन व निर्यात को लेकर किसानों को दिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम में संस्थान से पहुंचे वैज्ञानिक डॉ. प्रमोद कुमार तोमर ने किसानों को बासमती धान की आधुनिक खेती, कम लागत में अधिक उत्पादन तथा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण फसल तैयार करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों से बासमती धान में कीटनाशकों का सीमित उपयोग करने और जैविक एवं सुरक्षित खेती पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया, ताकि भारतीय बासमती धान की विदेशों में मांग और अधिक बढ़ सके।

इस अवसर पर प्रगतिशील कृषक उत्पादक संगठन सहकारी समिति के अध्यक्ष बलकार सिंह ने किसानों को बासमती धान की खेती को मुख्य रूप से अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि बेहतर गुणवत्ता एवं निर्यात आधारित खेती किसानों की आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने बासमती धान के निर्यात को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में लगभग 50 से अधिक किसानों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य किसानों को बेहतर उत्पादन तकनीकों से अवगत कराना, कीटनाशकों के उपयोग को कम करना तथा भारतीय बासमती धान को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के लिए जागरूक करना रहा।
इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र के श्री रमेश कुमार पाल, श्री मनीष बाजपाई सहित किसान नरेंद्र सिंह, चंद्रजीत सिंह, प्रीतम सिंह, प्रशांत सिंह, डालचंद, दर्शन सिंह, नरेंद्र सिंह उप्पल, मुख्तार सिंह, रोहित, अजय सहित अनेक कृषक मौजूद रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
