Oplus_16908288
काशीपुर/ 24 मई 2026।
प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को अपने काशीपुर भ्रमण के दौरान जैतपुर घोसी पहुंचकर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा के आवास पर शोक संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने विगत 15 मई को दिवंगत हुए स्वर्गीय सरदार अमरजीत सिंह चीमा जी को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके परिवारजनों को ढांढस बंधाया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री धामी ने शोक संतप्त परिवार को बंधाया ढांढस
इस दौरान माहौल बेहद भावुक रहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवार का एक सदस्य खोना अपूरणीय क्षति होती है, लेकिन ऐसे कठिन समय में पूरा समाज और सरकार परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने स्वर्गीय अमरजीत सिंह चीमा के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके द्वारा समाज के लिए किए गए कार्य सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे।
जनता से सीधा संवाद कर अधिकारियों को दिए समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने काशीपुर आईजीएल स्थित अस्थायी हेलीपैड पर जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि आमजन का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी ताकत है।

इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, मेयर दीपक बाली, दर्जा मंत्री मंजीत सिंह, सीमा चौहान, ब्लॉक प्रमुख चंद्र प्रभा, राम मेहरोत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री मुकेश कुमार, राजेश कुमार, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक स्वपन किशोर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
“संवेदनाएं केवल शब्द नहीं होतीं, कठिन समय में साथ खड़ा होना ही सच्ची मानवता है।”
“जनसेवा तभी सार्थक होती है, जब शासन जनता के दुख-दर्द को अपना समझे।”
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
