काशीपुर। 23 मई 2026 शहर के वार्ड संख्या 25 स्थित अल्ली खां चौक पर 135 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे की स्थापना का शिलान्यास महापौर दीपक बाली ने किया। नगर निगम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र में उत्साह का माहौल दिखाई दिया। लोगों ने महापौर का स्वागत किया और राष्ट्रीय ध्वज के समर्थन में नारे लगाए। महापौर दीपक बाली ने कहा कि विशाल तिरंगे की स्थापना से क्षेत्र में देशभक्ति की भावना मजबूत होगी और अल्ली खां चौक को नई पहचान मिलेगी। उन्होंने बताया कि परियोजना पर करीब 26 लाख 21 हजार रुपये खर्च होंगे तथा टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। आगामी दो-तीन दिनों में निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

महापौर ने कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक नहीं बल्कि युवाओं को प्रेरित करने वाला माध्यम भी है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से तिरंगे के संरक्षण और सम्मान बनाए रखने की अपील की।
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष इंतजार हुसैन ने कहा कि अल्ली खां क्षेत्र में तिरंगे की स्थापना ऐतिहासिक पहल साबित होगी। वहीं पार्षद राशिद फारुकी और अब्दुल कादिर ने इस निर्णय के लिए नगर निगम और महापौर का आभार जताया।

कार्यक्रम में नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल शाह, शालिनी नेगी, वरिष्ठ भाजपा नेत्री मुक्ता सिंह, भाजपा पदाधिकारी, पार्षदगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
