जसपुर/काशीपुर। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत की धन्यवाद एवं जन संवाद यात्रा सोमवार को जसपुर से शुरू हुई। अफजलगढ़ रोड से शुरू हुई यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हरीश रावत का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उत्साह का प्रदर्शन किया। यात्रा में किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़, जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत, तिलकराज बेहड़ और आदेश चौहान समेत कई नेता रहे मौजूद; पार्टी प्रभारी की आपत्ति के बीच रावत ने शुरू की यात्रा
यात्रा को लेकर कांग्रेस के भीतर भी हलचल देखने को मिली। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने यात्रा को लेकर आपत्ति जताई थी और पार्टी संगठन से समन्वय के बिना समानांतर कार्यक्रम नहीं करने की बात कही थी। इसके बावजूद हरीश रावत ने जसपुर से यात्रा शुरू की। तो वही विरोधी दलों में भी हरीश रावत की यात्रा से हलचल है। रावत ने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी बात रखेंगे।

लोगों को धन्यवाद देने निकला हूं : हरीश रावत
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि वह किसी पद या व्यक्तिगत राजनीतिक उद्देश्य के लिए नहीं, बल्कि उन लोगों को धन्यवाद देने के लिए निकले हैं जिन्होंने कठिन स्वास्थ्य परिस्थितियों में उनका साथ दिया। उन्होंने कहा कि जनता और क्षेत्र के देवी-देवताओं का आशीर्वाद रहा, जिसके कारण वह कठिन दौर से उबर सके।
रावत ने कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा की ओर से जारी पत्र के सवाल पर कहा कि घर में सब बातें होती रहती हैं और हम कांग्रेस के सिपाही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी को स्पष्टीकरण मांगने का अधिकार है और वह पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी बात रखेंगे।

जनता के बीच पहुंचना जरूरी : तिलकराज बेहड़
किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि कांग्रेस का सबसे बड़ा आधार उसके कार्यकर्ता और जनता हैं। ऐसे समय में जब विधानसभा चुनाव नजदीक हैं, नेताओं और कार्यकर्ताओं का जनता के बीच जाकर संवाद करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हरीश रावत वरिष्ठ नेता हैं और उनकी यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह दिखाई दे रहा है।
कार्यकर्ताओं में यात्रा को लेकर उत्साह : आदेश चौहान

जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान ने कहा कि जसपुर में हरीश रावत की यात्रा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों में उत्साह है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान जनता और कार्यकर्ताओं से संवाद किया जा रहा है तथा क्षेत्र की समस्याओं और लोगों की अपेक्षाओं को समझने का प्रयास किया जा रहा है।
आदेश चौहान ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच काम कर रहे हैं और जन संवाद के माध्यम से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
जसपुर से काशीपुर होते हुए हल्द्वानी तक यात्रा
जसपुर के अफजलगढ़ रोड से शुरू हुई यात्रा काशीपुर पहुंची। इसके बाद यात्रा रामनगर और कालाढूंगी होते हुए हल्द्वानी पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। रास्ते में कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हरीश रावत का स्वागत किया।
यात्रा को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। हालांकि हरीश रावत ने यात्रा का मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य लाभ के बाद अपने समर्थकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त करना तथा जनता से संवाद करना बताया है।

सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
