काशीपुर/बाजपुर।बाजपुर/काशीपुर। जनपद ऊधमसिंह नगर में कोसी नदी और उसके आसपास के क्षेत्रों में अवैध खनन के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति की सख्त कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस, पीएसी और अर्द्धसैनिक बलों द्वारा चलाए गए व्यापक चेकिंग एवं निगरानी अभियान ने अवैध खनन में लिप्त तत्वों की नींद उड़ा दी है। नदी घाटों से लेकर जंगलों तक पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है, जबकि अवैध खनन, भंडारण और परिवहन में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की इस सख्ती से क्षेत्र में खनन माफियाओं के बीच भय का माहौल बना हुआ है।

अभियान के दौरान बाजपुर पुलिस द्वारा गौ घाट, प्रधान घाट, बाजार घाट सहित अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग की गई। वहीं गदरपुर पुलिस ने गूलरभोज एवं मोहाली जंगल क्षेत्र में विशेष निगरानी अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी। केलाखेड़ा पुलिस ने मुख्य मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में बैरियर लगाकर वाहनों की जांच एवं लगातार गश्त की।

पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों की संयुक्त टीमों ने खनन क्षेत्रों में पैदल गश्त कर गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान खनन सामग्री से भरे ट्रकों एवं डंपरों की रॉयल्टी, परिवहन दस्तावेजों तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच की गई।

चेकिंग अभियान के तहत चौकी सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र में लगभग 40 से 45 वाहनों की जांच की गई, जबकि बन्नाखेड़ा चौकी क्षेत्र में 25 वाहनों को चेक किया गया। जांच के दौरान किसी भी वाहन में अवैध उपखनिज नहीं पाया गया तथा सभी वाहनों के पास वैध रॉयल्टी और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध मिले।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन, ओवरलोडिंग अथवा इससे संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में अवैध खनन के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
