काशीपुर/देहरादून, 5 जुलाई 2026। उत्तराखण्ड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस सिंडिकेट के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए काशीपुर से एक और अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। इस गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पलविन्दर सिंह (46 वर्ष) पुत्र स्व. धर्म सिंह, निवासी ग्राम कचनालगाजी, थाना काशीपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि एक ही फर्जी शस्त्र लाइसेंस नंबर पर दो कूटरचित लाइसेंस तैयार कर दो अलग-अलग हथियार खरीदे गए थे, जिससे इस पूरे फर्जी लाइसेंस नेटवर्क की गंभीरता और व्यापकता उजागर हुई है।

एसटीएफ ने अभियुक्त के कब्जे से एक .30 बोर सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस (.30 बोर), एक .315 बोर राइफल तथा चार जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद किए हैं।
एसटीएफ का कहना है कि मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशों के क्रम में अवैध हथियारों एवं फर्जी शस्त्र लाइसेंस धारकों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। अब तक की कार्रवाई में 19 अवैध शस्त्र, 358 कारतूस तथा बड़ी संख्या में फर्जी एवं संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस बरामद किए जा चुके हैं।
एसटीएफ ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस रखने वाले लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे स्वयं अपने हथियार एवं लाइसेंस के साथ आत्मसमर्पण करें, अन्यथा कानून का शिकंजा उनके दरवाजे तक पहुंचेगा।
कार्रवाई करने वाली एसटीएफ टीम में निरीक्षक अरुण कुमार, निरीक्षक एम.पी. सिंह, उपनिरीक्षक प्रकाश भगत, हेड कांस्टेबल मोहित वर्मा, कांस्टेबल रवि बोरा, हेड कांस्टेबल चालक संजय कुमार, हेड कांस्टेबल मनोज बवाड़ी तथा हेड कांस्टेबल सुरेन्द्र कनवाल शामिल रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
