काशीपुर। 20 अगस्त 2026 प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में खड़ी कार से युवक का खून से लथपथ शव मिलने के मामले ने पुलिस जांच के बाद नया मोड़ ले लिया। जिस घटना को शुरुआती तौर पर सड़क हादसा माना जा रहा था, वह दरअसल एक सुनियोजित हत्या निकली। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया और सीसीटीवी फुटेज, पूछताछ तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर महज 48 घंटे में मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी निशा समेत दो किशोरों को गिरफ्तार किया है।
पत्नी समेत दो किशोर गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद; सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश

कार में मिला था संजीव का शव
पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त को प्रतापपुर क्षेत्र में सड़क किनारे धान के खेत में एक स्विफ्ट डिजायर कार खड़ी होने की सूचना मिली थी। कार के भीतर एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो व्यक्ति की पहचान ग्राम बाजावाला डकिया नंबर-1, कुंडेश्वरी निवासी संजीव कुमार पुत्र सोमल सिंह के रूप में हुई।
पहली नजर में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हुआ, लेकिन मृतक के शरीर पर मिले चोट के निशानों ने पुलिस को संदेह में डाल दिया। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें गोली लगने की पुष्टि होने पर पुलिस ने हत्या की दिशा में जांच शुरू कर दी।

पत्नी के बयानों से गहराया शक
जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी निशा की भूमिका संदिग्ध लगी। पुलिस के अनुसार, निशा ने प्रारंभ में दो किशोरों को नामजद करते हुए अपने पति की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि पूछताछ के दौरान उसके बयानों में पुलिस को कई विरोधाभास मिले।
इसके बाद पुलिस ने दोनों किशोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि संजीव कुमार की ग्राम थारी, रामनगर में टेंट की दुकान थी और दोनों किशोर वहां काम करते थे। पुलिस के मुताबिक मृतक की पत्नी का एक किशोर के साथ प्रेम प्रसंग था। इसी संबंध के चलते संजीव कुमार को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
जन्मदिन की पार्टी के बहाने निकले थे
पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त को संजीव कुमार कार से जन्मदिन की पार्टी के लिए निकला था। कार संजीव स्वयं चला रहा था, जबकि दोनों किशोर भी उसके साथ थे। आरोप है कि रास्ते में पीछे बैठे एक किशोर ने तमंचे से संजीव को गोली मार दी। इसके बाद कार को सुनसान स्थान पर सड़क किनारे खड़ा कर आरोपी वहां से फरार हो गए।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों किशोरों ने घटना से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य बताए और मामले में निशा की भूमिका सामने आई। इसके बाद पुलिस ने निशा से भी पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में उसने भी साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की।
वारदात में इस्तेमाल तमंचा बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
एसएसपी अजय गणपति ने ऐसे बताया घटनाक्रम
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर अजय गणपति ने बताया कि प्रारंभिक सूचना के आधार पर घटना सड़क दुर्घटना जैसी दिखाई दे रही थी, लेकिन पुलिस ने मामले को सामान्य दुर्घटना मानकर जांच बंद नहीं की। घटनास्थल के साक्ष्य, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की कड़ियों को जोड़ने के बाद हत्या की तस्वीर साफ हुई।
एसएसपी के मुताबिक जांच में मृतक की पत्नी की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उससे पूछताछ की गई। इसके बाद दोनों किशोरों से पूछताछ में घटना से जुड़े अहम तथ्य सामने आए। पुलिस जांच के अनुसार प्रेम प्रसंग के चलते संजीव कुमार को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई और हत्या के बाद घटना को सड़क हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया। मामले में मृतक की पत्नी समेत दो किशोरों को गिरफ्तार किया गया है। वारदात में इस्तेमाल तमंचा और कारतूस बरामद कर लिए गए हैं तथा आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है।
एसएसपी ने घटना का त्वरित अनावरण करने वाली पुलिस टीम की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए टीम का उत्साहवर्धन किया।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
