काशीपुर। नवजात शिशुओं की मृत्यु दर में कमी लाने और जन्म के तुरंत बाद आवश्यक जीवनरक्षक सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 10 मई 2026 को देशभर में “एनएनएफ नेशनल एनआरपी डे 2026” मनाया जाएगा। इसी क्रम में काशीपुर स्थित केवीआर हॉस्पिटल में स्वास्थ्यकर्मियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

केवीआर हॉस्पिटल काशीपुर के हेड ऑफ डिपार्टमेंट डॉ. कुशल अग्रवाल ने बताया कि नेशनल नियोनेटोलॉजी फोरम (एनएनएफ) इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य नवजात शिशुओं को आपात स्थिति में समय पर जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी नवजात शिशुओं की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष “एनएनएफ नेशनल एनआरपी डे” की थीम “One Day, One Nation, One Mission” रखी गई है। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस अभियान के तहत एक ही दिन में देशभर में 1,050 से अधिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें 20 हजार से अधिक स्वास्थ्यकर्मियों, 2 हजार से अधिक प्रमाणित प्रशिक्षकों तथा 310 से अधिक जिलों की भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

कार्यक्रम के अंतर्गत केवीआर हॉस्पिटल में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को नवजात पुनर्जीवन (Neonatal Resuscitation) की आधुनिक एवं आपातकालीन जीवनरक्षक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जन्म के तुरंत बाद किसी भी नवजात को आवश्यकता पड़ने पर तत्काल और सही उपचार मिल सके।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 10 मई 2026 को प्रातः 10:30 बजे से केवीआर हॉस्पिटल, काशीपुर में आयोजित किया जाएगा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
