काशीपुर। 12 मई 2026 सड़क सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर कोतवाली कुंडा पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। मंगलवार देर शाम उत्तराखंड सीमा पर स्थित सूर्या पुलिस चौकी पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 19 मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना रहा।

पुलिस द्वारा मुरादाबाद रोड स्थित सूर्या चौकी बॉर्डर पर वाहनों की गहन जांच की गई। इस दौरान नियमों की अनदेखी करने वाले 6 बाइक चालकों के कोर्ट चालान किए गए, जबकि 8 चालकों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए करीब 4500 रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया। वहीं 5 अन्य बाइक चालकों के एमवी एक्ट में चालान काटे गए।

उप निरीक्षक नवीन जोशी ने बताया कि क्षेत्र में प्रतिदिन चेकिंग अभियान चलाया जाता है, ताकि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि नियमित चेकिंग से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलती है और चोरी के वाहन भी जांच के दौरान बरामद हो जाते हैं। साथ ही सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखकर प्रदेशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाती है।
उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें, आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें। नियमों की अनदेखी न केवल कानूनी कार्रवाई का कारण बनती है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ाती है।
चेकिंग अभियान में उप निरीक्षक नवीन जोशी, उप निरीक्षक रवीश कुमार विश्वकर्मा, कांस्टेबल प्रणय कुमार राठी, कांस्टेबल सुरेंद्र रावत, कांस्टेबल सूरज बोरा और कांस्टेबल राजेश भट्ट सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
