Oplus_16908288
काशीपुर। 18 मई 2026 देवभूमि उत्तराखंड की सनातन आध्यात्मिक परंपरा और आस्था की प्रतीक भगवान श्री विश्वनाथ एवं मां जगदीशिला की दिव्य डोली रथयात्रा के काशीपुर आगमन पर पूरा शहर भक्तिरस में सराबोर हो उठा। रविवार सायंकाल बाजपुर रोड स्थित पूर्व दर्जा राज्यमंत्री स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा के प्रतिष्ठान “मेहरोत्रा इंटरप्राइजेज” में डोली रथयात्रा का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण स्वागत किया गया, जहां श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

जैसे ही भगवान श्री विश्वनाथ एवं मां जगदीशिला की पावन डोली काशीपुर पहुंची, श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, जयघोष और भक्ति भाव के साथ देवडोली का अभिनंदन किया। “हर-हर महादेव” और “जय मां जगदीशिला” के उद्घोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने देवडोली के दर्शन कर सुख, समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
इस अवसर पर यात्रा के मुख्य पुरोहित एवं उत्तराखंड के पूर्व शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने डोली यात्रा के आध्यात्मिक एवं पौराणिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विशोन पर्वत सदियों से ऋषि-मुनियों, तपस्वियों एवं संतों की तपोभूमि रहा है। स्वामी रामतीर्थ जैसे महान संतों ने भी यहां कठोर तपस्या कर आध्यात्मिक ऊर्जा प्राप्त की थी। उन्होंने कहा कि इसी पावन भूमि से भगवान श्री विश्वनाथ एवं मां जगदीशिला की डोली यात्रा का शुभारंभ होता है, जो पिछले 26 वर्षों से निरंतर धर्म, संस्कृति और सनातन परंपरा की अलख जगा रही है। इस वर्ष 27वीं डोली यात्रा श्रद्धा और आस्था के साथ निकाली जा रही है।

उन्होंने कहा कि इस दिव्य यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि विश्व कल्याण, देव संस्कृति के संरक्षण तथा उत्तराखंड के प्राचीन सिद्धपीठों एवं देवस्थलों की महिमा को जन-जन तक पहुंचाना है। देवभूमि उत्तराखंड में अनेक ऐसे शक्तिपीठ और देवालय हैं, जहां श्रद्धालुओं की अटूट आस्था जुड़ी हुई है तथा सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

मंत्री प्रसाद नैथानी ने बताया कि यह डोली यात्रा प्रतिवर्ष करीब साढ़े दस हजार किलोमीटर की कठिन यात्रा कर 2200 से अधिक देवालयों में पहुंचती है तथा हरिद्वार में मां गंगा के पावन स्नान के पश्चात विशोन पर्वत पहुंचकर संपन्न होती है। इस वर्ष यात्रा 28 अप्रैल को हरिद्वार से प्रारंभ होकर देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चंपावत, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, नैनीताल एवं ऊधम सिंह नगर सहित विभिन्न जनपदों से होकर गुजर रही है। आगामी 25 मई को गंगा दशहरा के पावन पर्व पर विशोन पर्वत में यात्रा का विधिवत समापन होगा।

डोली रथयात्रा के स्वागत एवं सत्कार कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, अधिवक्ताओं एवं श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। कार्यक्रम में पूर्व दर्जा राज्यमंत्री स्वर्गीय मुकेश मेहरोत्रा की पत्नी श्रीमती वीना मेहरोत्रा, मेहरोत्रा इंटरप्राइजेज के स्वामी अर्पित मेहरोत्रा एवं उनकी पत्नी श्रीमती नवदीप मेहरोत्रा ने श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए देवडोली का आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर श्रीमती अलका पाल, लता शर्मा, मनोज जोशी एडवोकेट, उमेश जोशी एडवोकेट, संदीप सहगल एडवोकेट, अरुण चौहान, मुशर्रफ हुसैन, पंकज पंत, जितेंद्र सरस्वती, रवि ढींगरा, अफसर अली, अरविंद शर्मा, इलियास माहिगीर, विकल्प गुड़िया, आशुतोष, मनोज जैन, चक्रेश जैन, राशिद फारुकी, राहुल, रमणदीप कांबोज, सुभाष पाल, तरुण लोहनी, राजेंद्र पेंटर, त्रिलोक सिंह अधिकारी, इंदर सिंह एडवोकेट, पुनीत कपूर, ब्रजकिशोर सिंह, डॉ. रमेश कश्यप, विनोद मेहरोत्रा, अमित शर्मा एवं योगेश जोशी सहित अनेक श्रद्धालुजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन चंद्रभूषण डोभाल एवं विनोद शर्मा होंडा ने संयुक्त रूप से किया। स्वागत समारोह के उपरांत डोली रथयात्रा अपने अगले पड़ाव जसपुर के लिए रवाना हो गई।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
