काशीपुर। 28 जून 2026 विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर राजकीय चिकित्सालय लक्ष्मण दत्त भट्ट में पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया और अभिभावकों से अपने बच्चों को समय-समय पर पोलियो की दवा अवश्य पिलाने की अपील की।

इस अवसर पर अलका पाल ने कहा कि एक समय पोलियो देश के लिए गंभीर चुनौती और हजारों बच्चों के दिव्यांग होने का बड़ा कारण था। केंद्र एवं राज्य सरकारों, स्वास्थ्य विभाग, चिकित्सकों और सामाजिक संगठनों के संयुक्त प्रयासों से चलाए गए व्यापक जनजागरूकता एवं टीकाकरण अभियानों ने भारत को पोलियो मुक्त बनाने में ऐतिहासिक सफलता दिलाई। उन्होंने कहा कि आज देश में पोलियो के मामले लगभग समाप्त हो चुके हैं, जिसका सबसे बड़ा कारण लोगों में बढ़ी जागरूकता और समय पर बच्चों का टीकाकरण है।
उन्होंने कहा कि नवजात शिशु के जन्म के साथ ही नियमित टीकाकरण और पोलियो की प्रत्येक खुराक बच्चों को जीवनभर के लिए इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने सभी अभिभावकों से आह्वान किया कि वे किसी भी पोलियो अभियान को न छोड़ें और अपने पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दवा अवश्य पिलाएं, ताकि देश पोलियो मुक्त बना रहे और आने वाली पीढ़ी स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की ओर अग्रसर हो।
कार्यक्रम में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संदीप दीक्षित, पार्षद शाह आलम, अस्पताल के चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी, आशा कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने पोलियो उन्मूलन के संकल्प को दोहराते हुए अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
