Oplus_16908288
काशीपुर। 15 अगस्त 2026 देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर काशीपुर में भी जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज फहराकर आजादी के पर्व को उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाया गया। सरकारी कार्यालयों से लेकर राजनीतिक एवं सामाजिक संस्थानों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, कारगिल शहीदों के परिजनों और उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान कर उनके योगदान को याद किया गया।

भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष मनोज पाल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। वहीं कोतवाली काशीपुर में एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह ने तिरंगा फहराकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी।
नगर निगम परिसर में आयोजित समारोह में मेयर दीपक बाली ने विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, दर्जा राज्य मंत्री सीमा चौहान, पार्षदों और शहर के गणमान्य नागरिकों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा नगर निगम परिसर देशभक्ति के वातावरण से सराबोर नजर आया।
इसके बाद नगर निगम सभागार में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से समां बांध दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों में देशप्रेम, एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत किया।

समारोह के दौरान कारगिल शहीदों एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर तथा पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों को भी शॉल ओढ़ाकर सम्मान दिया गया।
कार्यक्रम के समापन के बाद नगर निगम परिसर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने हिस्सा लिया। गाजे-बाजे और देशभक्ति के नारों के बीच यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए अल्ली खां चौक पहुंची।

अल्ली खां चौक पर स्वतंत्रता दिवस समारोह का विशेष आकर्षण 135 फीट ऊंचे पोल पर स्थापित विशाल राष्ट्रीय ध्वज रहा। मेयर दीपक बाली ने विशाल तिरंगे का विधिवत उद्घाटन करते हुए उसे फहराया। जैसे ही विशाल तिरंगा आसमान में लहराया, पूरा क्षेत्र “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से गूंज उठा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर काशीपुर में दिनभर देशभक्ति और उत्सव का माहौल बना रहा। विभिन्न आयोजनों के माध्यम से लोगों ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का संकल्प लिया।



























सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
