काशीपुर। 16 अगस्त 2026 शहर में लोगों को कथित तौर पर सम्मोहित कर कीमती सामान लेकर फरार होने की घटना का काशीपुर पुलिस ने महज एक दिन में खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब दो लाख रुपये कीमत की डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को कवि नगर निवासी हरीश कुमार पुत्र पदीराम ने कोतवाली काशीपुर में तहरीर देकर बताया था कि रामनगर रोड स्थित एक होटल के पास फ्लाईओवर के नीचे एक साधुनुमा व्यक्ति ने कथित तौर पर उसे सम्मोहित कर उसकी डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी, जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपये थी, लेकर फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधमसिंह नगर के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मैनुअल पुलिसिंग के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। 15 अगस्त को उपनिरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक कौशल भाकुनी और पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सूर्या चौकी से आगे फरीदनगर जाने वाले रास्ते के पास घेराबंदी कर 29 वर्षीय इंडिया नाथ पुत्र किशन नाथ निवासी प्रतीतनगर, कल्याणपुर धर्मशाला, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मुकदमे से संबंधित डायमंड जड़ित सोने की अंगूठी बरामद कर ली। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
समाज के लिए चेतावनी
साधु, तांत्रिक या किसी अनजान व्यक्ति द्वारा सम्मोहन, चमत्कार या किसी विशेष शक्ति का झांसा देकर बातों में फंसाने की कोशिश को हल्के में न लें। अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने आभूषण, नकदी या अन्य कीमती सामान उसके हवाले न करें और संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
गिरफ्तार आरोपी
इंडिया नाथ पुत्र किशन नाथ, उम्र 29 वर्ष, निवासी प्रतीतनगर, कल्याणपुर धर्मशाला, जनपद देहरादून।
बरामदगी
डायमंड जड़ित सोने की एक अंगूठी, अनुमानित कीमत करीब ₹2 लाख, संबंधित FIR संख्या 333/26, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस।
पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक संजय सिंह
- उपनिरीक्षक कौशल भाकुनी
- कांस्टेबल किरण कुमार मेहता
- कांस्टेबल इन्द्र कुमार
काशीपुर पुलिस की इस कार्रवाई ने यह संदेश भी दिया है कि लोगों को झांसे में लेकर कीमती सामान हड़पने वाले अपराधियों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्ती से कार्रवाई कर रही है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
