काशीपुर। 6 जुलाई 2026 उत्तराखंड सरकार के पांच वर्ष पूरे होने पर महानगर कांग्रेस कमेटी की जिला अध्यक्ष अलका पाल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए उसके कार्यकाल को जनविरोधी और विफल बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकास केवल सरकारी दावों, होर्डिंग्स और कागजों तक सीमित रह गया है, जबकि जनता आज भी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है।
अलका पाल ने कहा कि ऊर्जा प्रदेश कहलाने वाले उत्तराखंड में लगातार हो रही बिजली कटौती सरकार के विकास के दावों की वास्तविकता उजागर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के बाद प्रदेश पर एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज चढ़ चुका है, जबकि स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, कृषि और पलायन जैसे अहम मुद्दों पर सरकार गंभीर दिखाई नहीं देती।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन लगातार बढ़ रहा है, जिससे उत्तराखंड की छवि देशभर में प्रभावित हुई है। जल, जंगल और जमीन भी वर्तमान सरकार के कार्यकाल में सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का अधिकांश विकास केवल विज्ञापनों और कागजी योजनाओं तक सीमित है।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए कहा कि इस मामले में कई सवाल आज भी अनुत्तरित हैं। उनका आरोप था कि प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आने के बावजूद सरकार ने निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की।
अलका पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री के पांच वर्ष के कार्यकाल में जनता को अपेक्षित राहत और विकास नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस जनसमस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
