काशीपुर। 30 जुलाई 2026 नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए काशीपुर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को 7.77 ग्राम अवैध स्मैक और नशे की तौल में इस्तेमाल होने वाले इलेक्ट्रॉनिक तराजू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार हंसार कॉलोनी जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच के दौरान पुलिस टीम ने आमिर उर्फ अंगा निवासी मोहल्ला अल्ली खां को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 7.77 ग्राम अवैध स्मैक तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ। बरामदगी के बाद आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
कोतवाली काशीपुर में आरोपी के विरुद्ध एफआईआर संख्या 309/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दिनेश चंद्र सिंह, उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह सामन्त, कांस्टेबल सचिन कुमार तथा कांस्टेबल मनोज जोशी शामिल रहे।
पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी कीमत पर नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं नशे के कारोबार की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस को अवगत कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
