रामनगर। 17 August 2026 रामनगर के अधिवक्ता मनु अग्रवाल ने विधि के क्षेत्र में महत्वपूर्ण शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करते हुए साबरमती विश्वविद्यालय, अहमदाबाद, गुजरात से विधि विषय में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने अपना शोध कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया।
डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में पूरा किया शोध कार्य, डॉ. पूरन चन्द्र पाण्डे के मार्गदर्शन व प्रेरणा को दिया विशेष श्रेय

अधिवक्ता मनु अग्रवाल ने “चिकित्सीय एवं विधिक पेशेवरों के लिए विधिक प्रतितोष व्यवस्था तथा क्लाइंट-रोगी के कानूनी संरक्षण हेतु उपायों एवं विधिक समस्याओं का एक अध्ययन” विषय पर शोध किया। उनके शोध कार्य का निर्देशन साबरमती विश्वविद्यालय के विधि विभाग के सहायक आचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ने किया।
अपनी इस उपलब्धि पर मनु अग्रवाल ने अपने गुरुजनों एवं शोध निर्देशक डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से रामनगर के वरिष्ठ अधिवक्ता डॉ. पूरन चन्द्र पाण्डे के मार्गदर्शन, निरंतर प्रोत्साहन, प्रेरणा और सहयोग को अपनी सफलता में महत्वपूर्ण बताया।
उल्लेखनीय है कि डॉ. पूरन चन्द्र पाण्डे के शोध निर्देशक भी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह ही रहे हैं। डॉ. पाण्डे ने वर्ष 2024 में इसी साबरमती विश्वविद्यालय से विधि में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की थी। इस प्रकार दोनों की शैक्षणिक यात्रा में एक ही शोध निर्देशक का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
मनु अग्रवाल की शैक्षणिक उपलब्धियों का दायरा भी काफी व्यापक है। उन्होंने एम.कॉम., एम.ए. (राजनीति विज्ञान), एम.ए. (अर्थशास्त्र), एम.ए. (समाजशास्त्र), एम.ए. (पब्लिक हेल्थ एडमिनिस्ट्रेशन), एम.ए. (मास कम्युनिकेशन), एम.ए. (मनोविज्ञान), एम.सी.ए., एम.बी.ए., ओ-लेवल, ए-लेवल, एल.एल.बी. तथा एल.एल.एम. जैसी विभिन्न उच्च शैक्षणिक योग्यताएं हासिल की हैं।
उनकी इस उपलब्धि पर अधिवक्ता साथियों, सहकर्मियों एवं क्षेत्र के लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उनकी पीएचडी की उपाधि को विधि एवं न्याय के क्षेत्र में निरंतर अध्ययन, शोध और अकादमिक रुचि का महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
