काशीपुर। 26 June 2026 चैती मेले के दौरान हुई वाहन चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए आईटीआई थाना पुलिस ने दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गिरोह का एक अन्य सदस्य फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक काशीपुर स्वप्न किशोर ने पत्रकार वार्ता में किया। उन्होंने बताया कि अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत आईटीआई थाना पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल गोस्वामी पुत्र राजेन्द्र कुमार निवासी महेशपुरा, थाना काशीपुर, हाल निवासी ढेला पुल के निकट प्रगति हॉस्पिटल के पीछे, काशीपुर (उम्र 19 वर्ष) तथा पिंटू पुत्र हरकेश निवासी वार्ड नंबर-04, मसवासी, थाना स्वार, जनपद रामपुर (उम्र 27 वर्ष) के रूप में हुई है। जबकि उनका साथी अजय सिंह पुत्र अनिल कुमार निवासी सरबरखेड़ा, थाना कुंडा, जनपद ऊधमसिंहनगर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि चैती मेले के दौरान हुई वाहन चोरी की घटनाओं के बाद गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। 24 जून की रात वकीलोवाला रोड स्थित पीएम आवास योजना के पास चेकिंग के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने चैती मेले और काशीपुर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से कई मोटरसाइकिलें चोरी कर एक खंडहर में छिपाकर रखी थीं। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चार अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद कर लीं। इस प्रकार पुलिस ने कुल छह चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे की लत और अपने अन्य खर्चों की पूर्ति के लिए वाहन चोरी करते थे। पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है तथा फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधीक्षक काशीपुर स्वप्न किशोर ने बताया कि जनपद में चोरी, नशा तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
