काशीपुर। 26 जून 2026 हाईवे पर डंपर चालकों को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर रोकना,किश्त बकाया होने का झांसा देना और पुलिस के नाम से डंपर चालकों से जबरदस्ती उगाही करने तथा तमंचे के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का कोतवाली आईटीआई पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने गिरोह के दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त आई-20 कार, एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस तथा लूट की 15 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक काशीपुर स्वप्न किशोर ने किया।

तमंचे के बल पर डंपर चालकों को बनाते थे निशाना, आई-20 कार, अवैध तमंचा, कारतूस और लूट की रकम बरामद
पुलिस के अनुसार मुरादाबाद निवासी आरिफ ने कोतवाली आईटीआई में तहरीर देकर बताया था कि 18 जून को उसका भाई नासिर डंपर संख्या UP-21 CT-2065 में रामनगर से रेता लेकर मुरादाबाद जा रहा था। बल्ली ढाबा के पास दो कारों में सवार बदमाशों ने डंपर रोक लिया और चालक के साथ मारपीट करते हुए तमंचा दिखाकर 11 हजार रुपये लूट लिए।
इसी दिन देर रात दूसरी घटना में काशीपुर निवासी आलम ने पुलिस को बताया कि बांसखेड़ा पुल के नीचे कार सवार बदमाशों ने उसके डंपर संख्या UK-18 CA-4824 को रोककर स्वयं को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताया। वाहन की किश्त बकाया होने का दबाव बनाते हुए आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट की और तमंचे के बल पर डैशबोर्ड में रखे 24 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर कोतवाली आईटीआई पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने 25 जून को जैतपुर घोसी से बेगमाबाद जाने वाली कच्ची सड़क के पास से आई-20 कार संख्या UK-17 L-7139 में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हाईवे पर डंपर चालकों को फाइनेंस कंपनी का कर्मचारी बताकर रोकते थे और तमंचे के बल पर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे।
गिरफ्तार आरोपी
- गुरमेज सिंह उर्फ विक्की पुत्र जगजीत सिंह निवासी करघटिया फार्म, थाना सितारगंज, जनपद ऊधम सिंह नगर।
- गुरविन्दर सिंह पुत्र प्रीतम सिंह निवासी आजाद नगर, थाना किच्छा, जनपद ऊधम सिंह नगर।
बरामदगी
- एक अवैध तमंचा 315 बोर
- दो जिंदा कारतूस 315 बोर
- घटना में प्रयुक्त आई-20 कार संख्या UK-17 L-7139
- लूट के 15 हजार रुपये नकद
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम इस सफल कार्रवाई में कोतवाली आईटीआई के प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह राठौर, उपनिरीक्षक पुष्कर भट्ट, अपर उपनिरीक्षक रविन्द्र सिंह गड़िया, कांस्टेबल रमेश बंग्याल, कांस्टेबल राजेन्द्र जोशी तथा होमगार्ड धरम सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किए जाने की संभावना है।
सम्पादक काशी क्रांति हिंदी साप्ताहिक समाचार पत्र
कार्यालय – इस्लामनगर बसई, थाना कुंडा, काशीपुर, उधम सिंह नगर, उत्तराखण्ड
संपर्क – 99279 76675
